- Hindi News
- चलते चलते मालगाड़ी का हुक टूटा, रेलमार्ग बाधित, कई ट्रेनें लेट
चलते-चलते मालगाड़ी का हुक टूटा, रेलमार्ग बाधित, कई ट्रेनें लेट
मेड़ता रोड. मेड़तारोड-जोधपुर रेलमार्ग मध्य बनाड़-जाजीवाल के बीच में एक मालगाड़ी का हुक टूट जाने से मालगाड़ी दो भागों में बंट गई। इससे करीब एक घंटे तक रेलमार्ग बाधित रहने से काफी ट्रेनों को देरी का सामना करना पड़ा।
शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक मालगाड़ी जोधपुर से मेड़ता रोड रही थी कि बनाड़-जाजीवाल के बीच में वैगनों के बीच का हुक टूट जाने से मालगाड़ी दो भागों में विभक्त हो गई। इससे रेलमार्ग बाधित हो गया। ट्रेनों का संचालन ठप हो गया। जोधपुर से मेड़ता रोड की ओर आने वाली जोधपुर-वाराणसी मरुधर एक्सप्रेस, बांद्रा-बीकानेर, बाड़मेर-कालका एक्सप्रेस, भगत की कोठी-दिल्ली सराय रोहिल्ला आदि ट्रेनों को एक से सवा घंटे की देरी का सामना करना पड़ा। वहीं दूसरी ओर मेड़ता रोड से जोधपुर की ओर जाने वाली हावड़ा एक्सप्रेस, गुवाहाटी-बाड़मेर ट्रेनों को भी एक से डेढ़ घंटे की देरी का सामना करना पड़ा। मालगाड़ी को जाजीवाल लाने के बाद रेलमार्ग दुरुस्त होने पर ट्रेनों का संचालन शुरू होने पर यात्रियों को राहत की सांस मिल सकी।