भगत की कोठी-मन्नारगुडी ट्रेन आज से
मेड़ता रोड | रेलबजट में घोषित भगत की कोठी-मन्नारगुड़ी साप्ताहिक ट्रेन गुरुवार से संचालित होगी। ट्रेन संचालित होने से जिले के बाशिंदों को एक ओर ट्रेन की सौगात मिल जाएगी। यूपीए सरकार के रेलमंत्री मल्लिकार्जुन खड़गे ने अंतरिम बजट में 12 फरवरी 2014 को भगत की कोठी जोधपुर-मन्नारगुड़ी साप्ताहिक ट्रेन चलाने की घोषणा की थी। ट्रेन संख्या 16863 प्रत्येक गुरुवार को भगत की कोठी से दोपहर 3 बजे रवाना होकर शनिवार शाम 6 बजे मन्नारगुड़ी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 16864 मन्नारगुड़ी से प्रत्येक सोमवार को दोपहर 11.30 बजे रवाना होकर बुधवार शाम 4 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। मेड़ता रोड वर्तमान में देश के महानगर दिल्ली, मुंबई, कोलकाता से सीधा ट्रेन से जुड़ा हुआ है। अब चौथे महानगर से जुड़ जाएगा।