- Hindi News
- एसी कोच में चेन खींची, दूसरे कोच में गहने लूटे
एसी कोच में चेन खींची, दूसरे कोच में गहने लूटे
भास्कर न्यूज | मेड़ता रोड(नागौर)
मेड़तारोड-जोधपुर रेल मार्ग पर सोमवार आधी रात को जम्मू तवी से बांद्रा जाने वाली साप्ताहिक विवेक एक्सप्रेस में लुटेरों ने चैन पुलिंग के बाद एक महिला यात्री के गहने लूट लिए। लुटेरों ने वारदात से पहले ट्रेन के एसी कोच में चेन पुलिंग की, जबकि वारदात उसके पास लगते अन्य कोच में सो रहे यात्रियों के साथ की। मंगलवार शाम तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा था। सूचना पर रात को ही जीआरपी सिविल पुलिस मौके पर पहुंची।
मौके पर ट्रेन करीब 36 मिनट तक खड़ी रही। जोधपुर जीआरपी ने रिपोर्ट दर्ज कर मेड़ता रोड जीआरपी को रिपोर्ट भेजी है। जोधपुर मंडल में मई, जून में हुई ट्रेनों में लूट की घटनाओं का खुलासा हुआ ही नहीं था कि लुटेरों ने एक बार फिर सोमवार रात ट्रेन रोककर वारदात कर डाली। जम्मू तवी से बांद्रा जाने वाली ट्रेन संख्या 19028 सोमवार रात 1.38 बजे मेड़ता रोड से जोधपुर के लिए रवाना हुई थी कि चार-पांच किलोमीटर आगे निकलते ही एसी कोच बी-1 में 1. 46 बजे किसी ने चेन खींच ली। ट्रेन रुकी। इतने में आरक्षित कोच संख्या एस 7 में हो हल्ला होने लगा। इस कोच में रतनगढ़ निवासी सैयद मोहम्मद महिला यात्री शाबिरा यात्रा कर रहे थे। शाबिरा के कान में पहने सोने के बाले (ईयर रिंग) को लुटेरे लूट कर ले गए। अंधेरे के कारण शाबिरा लुटेरों को देख नहीं पाई।
दहशतमें यात्री
घटनाके दौरान रात को यात्री नींद से उठे तो ट्रेन में हो हल्ला हो गया। मौके पर ट्रेन 36 मिनट तक खड़ी रहने के बाद रवाना हो गई। सूचना मिलते ही सिविल थानाधिकारी संपत सिंह, जीआरपी हैड कांस्टेबल छोटाराम पूनिया सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। ट्रेन रवाना होने के बाद जोगीमगरा, कापड़ी वास, बामणावास, रियां श्यामदास आदि गांवों में लुटेरों की तलाश की गई, मगर सुराग नहीं लग सका। घटना के बाद ट्रेन जब रवाना हुई तो आगे के रास्ते में ट्रेन पर पत्थर भी फेंके, जिससे यात्री घबरा गए। पथराव के कारण खिड़कियां, दरवाजे बंद कर लिए गए।