मालाणी एक्सप्रेस के कोच में छात्रा के साथ छेड़छाड़ पर हंगामा
भास्कर संवाददाता | मेड़ता रोड
दिल्लीसे जैसलमेर आए एक कॉलेज ग्रुप की युवती के साथ सहपाठी छात्र द्वारा वापस दिल्ली जाते समय मालाणी एक्सप्रेस के एसी कोच में छेड़छाड़ करने के बाद ट्रेन में हंगामा हो गया। करीब एक घंटे तक ट्रेन मेड़ता रोड में खड़ी रही। मौके पर सिविल पुलिस, जीआरपी, आरपीएफ पहुंची।
रिपोर्ट देने से इनकार करने पर आखिर युवक को शराब पीकर उत्पात मचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। जैसलमेर से दिल्ली को जाने वाली मालाणी एक्सप्रेस सोमवार रात 11 बजे जोधपुर से रवाना हुई। इसके बाद सूचना मिली कि एसी आरक्षित कोच में दिल्ली के एक कॉलेज से आए एक ग्रुप की छात्रा के साथ एक युवक द्वारा छेड़खानी की गई। छात्रा द्वारा ग्रुप के सदस्यों को जानकारी देने पर भारी संख्या में यात्री कॉलेज के विद्यार्थी एकजुट हो गए। ट्रेन रात एक बजे मेड़ता रोड पहुंची। जहां जीआरपी हैड कांस्टेबल गोपाल सिंह, आरपीएफ के एएसआई डूंगर सिंह, सिविल थानाधिकारी छीतर सिंह शेखावत सहित पुलिस बल शांति व्यवस्था के लिए प्लेटफार्म पर पहुंचे। ग्रुप की छात्राओं ने छात्र पर छेड़खानी का आरोप लगाया। करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा। मौके पर यात्री भी एकत्रित हो गए। आखिर समझाइश करने पर ट्रेन रवाना हुई। ट्रेन के साथ हैड कांस्टेबल गोपाल सिंह मय जाप्ता भी रवाना हुए। छात्रा द्वारा रिपोर्ट देने से इनकार किया गया। आखिर एक युवक सचिन द्वारा रिपोर्ट देने पर आरक्षित कोच में यात्रा कर रहे हरियाणा के कैथूल जिले के हावड़ा निवासी रमेश कुमार (30) पुत्र छैल कुमार को शांतिभंग के आरोप में मकराना स्टेशन पर उतारा गया। मंगलवार को एसडीएम मकराना के समक्ष पेश किया गया।