गरीबों के लिए मददगार बनेगी जन धन योजना
पंचायतसमिति मैदान पर तीन दिवसीय जन सूचना अभियान कार्यक्रम गुरुवार को संपन्न हो गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से अनेक लोगों ने लाभ लिया। इस मेले में नगरपालिका कृषि विभाग सार्वजनिक निर्माण विभाग, जलदाय विभाग, बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायत समिति सहित अन्य सरकारी विभागों ने स्टॉल लगाकर जन धन योजना, वृद्धा अवस्था पेंशन, पेंशन बीमा योजना, शहरों का आधुनिकीकरण, गरीबी उन्नयन, स्किल इंडिया, कृषि संचय योजना, सबके लिए आवास, शौचालय निर्माण सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी। समापन समारोह के मुख्य अतिथि एवं पंचायत समिति के प्रधान कैलाश मंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री जन धन योजना बचत को बढ़ावा देने एवं सुरक्षित रखने और तात्कालिक आवश्यकता के लिहाज से गरीबों के लिए मददगार बनेगी।
संगोष्ठी में काजरी, जोधपुर के जनसंपर्क अधिकारी बहादुर सिंह सांखला ने कहा कि उन्नत तकनीक से खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाया जा सकता है। अभियान के नोडल अधिकारी राजेश मीणा ने कहा कि ग्रामीणों को शीर्ष कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों से जोड़ने के लिए यह जन सूचना अभियान अभिनव पहल है। इसमें केंद्र सरकार, राज्य सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम और एनजीओ मिलकर आमजन को कल्याणकारी योजनाओं की उपयोगी जानकारी देने का हर संभव प्रयास करते हैं।
मेड़ता सिटी. जनसूचना अभियान कार्यक्रम में मंचासीन अतिथि उपस्थित महिला।