जेल में फुलटाइम कम्पाउण्डर नियुक्त करने के दिए निर्देश
भास्कर संवाददाता | मेड़ता सिटी
जिलाकलेक्टर राजन विशाल ने मंगलवार शाम मेड़ता सब जेल का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों ने उनसे जेल में कैंटीन सुविधा शुरू कराने की मांग की। जिस पर कलेक्टर ने कहा कि ये सुविधा केवल जिला मुख्यालयों की जेलों में ही मिलती है इसलिए यहां कैंटीन नहीं खुल पाएगी। उसके बाद कैदियों ने यहां स्थाई डॉक्टर की सुविधा की मांग की जिस पर कलेक्टर ने पार्ट टाइम कम्पाउण्डर को फुलटाइम करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने पुरुष महिला बैरकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सहायक कारापाल रविकुमार से चर्चा की तथा जेल की व्यवस्थाओं के प्रति संतोष जताया। इस दौरान एसडीएम राकेश गुप्ता भी साथ थे। बाद में कलेक्टर सीधे नागौर के लिए रवाना हो गए। गौरतलब है कि कलेक्टर का मंगलवार को मेड़ता के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जेल के निरीक्षण का कार्यक्रम था मगर काफी देर हो जाने के कारण वे अस्पताल का निरीक्षण किए बगैर ही नागौर रवाना हो गए।