हथियारबंद जवानों की निगरानी में पहुंचेंगे प्रश्न पत्र
पटवारीसीधी भर्ती प्रारंभिक परीक्षा के लिए जिले भर में तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। शनिवार को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक जिले भर के 101 परीक्षा केन्द्रों पर होने वाली इस परीक्षा के लिए 17 उप समन्वयक, 17 सतर्कता दल, 170 पर्यवेक्षक तथा 116 सहायक केन्द्राधीक्षक नियुक्त किए गए हैं।
कलेक्टर राजन विशाल के अनुसार प्रश्न पत्रों की सुरक्षा तथा प्रश्न पत्रों को परीक्षा केन्द्रों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। नियुक्त किए गए उप समन्वयक जिला मुख्यालय से सशस्त्र गार्ड के साथ प्रश्न पत्र ले जाकर परीक्षा केन्द्रों तक पहुंचाएंगे। पटवार परीक्षा जिला समन्वयक एडीएम कालूराम ने बताया कि सुरक्षा संबंधी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए उप समन्वयकों को निर्देशित किया गया है कि परीक्षा केन्द्रों पर प्रश्न पत्र एक घंटे से पहले नहीं दें।
वीक्षकों की लगेंगी ड्यूटी, कल बताए जाएंगे केंद्र
परीक्षाकेन्द्रों के लिए वीक्षकों की ड्यूटी जिला स्तर से ही लगाते हुए वीक्षकों को कोड नंबर दिए गए हैं तथा ड्यूटी के आदेश तामील कराए जा चुके हैं। कोड नंबर के आधार पर शनिवार को ही परीक्षा केन्द्रों के बारे में बताया जाएगा। परीक्षा समन्वयक ने बताया कि मकराना तहसील क्षेत्र के वीक्षकों को शनिवार को मकराना स्थानीय तहसील कार्यालय तथा उपखण्ड अधिकारी कार्यालय में सुबह 8 बजे पहुंचना होगा। नागौर के वीक्षकों को स्थानीय उपखण्ड अधिकारी कार्यालय तथा सेठ किशनलाल कांकरिया विद्यालय में पहुंचने का निर्देश दिए गए है। इसी प्रकार कुचामन के वीक्षक स्थानीय उपखण्ड अधिकारी कार्यालय तथा अटल सेवा केन्द्र में पहुंचेंगे। जायल एवं मेड़ता के वीक्षक भी संबंधित उपखण्ड अधिकारी कार्यालय में पहुंचेंगे। निर्देशों के अनुसार डीडवाना के वीक्षक राजकीय बांगड़ महाविद्यालय में पहुंचेंगे जहां से उनको परीक्षा केन्द्र आवंटित किए जाएंगे। निर्देशों के अनुसार सहायक केन्द्राधीक्षकों एवं सतर्कता दलों को परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले पहुंचना है। सभी परीक्षा केन्द्रों पर जैमर भी लगाए जाएंगे।
ड्रेसकोड लागू, तलाशी के बाद प्रवेश
राजस्थानअधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा चयन बोर्ड द्वारा जारी ड्रेस कोड को स्पष्ट करते हुए परीक्षा समन्वयक कालूराम ने बताया कि जर्सी, जूते, स्कार्फ आदि तलाशी के लिए उतारने होंगे तथा तलाशी के बाद वापस पहने जा सकते हैं। ड्रेस कोड के अनुसार बोर्ड ने सादे कपड़े पहन कर आने तथा सूट, टाई, मफलर, जैकेट, कोट, ब्लेजर, जरकिन, शॉल आदि नहीं पहन कर आने के निर्देश दिए हैं। ये परीक्षा जिले भर मे 101 परीक्षा केंद्रों पर कुल 34 हजार 984 परीक्षार्थी बैठेंगे। बोर्ड ने पटवार परीक्षा की चौकसी एवं निगरानी के लिए सेवानिवृत आरपीएस अधिकारी भंवर सिंह को विशेष पुलिस अधिकारी लगाया है। आरपीएस भंवर सिंह जिले में गोपनीय भ्रमण कर रहे हैं।