लोक अदालतों में न्यायिक बैंचे गठित
भास्कर संवाददाता | मेड़ता सिटी
जिलाविधिक सेवा प्राधिकरण, मेड़ता के अध्यक्ष जिला एवं सेशन न्यायाधीश उमा शंकर व्यास के निर्देशानुसार मेड़ता न्याय क्षेत्र में स्थित जिला मुख्यालय ताल्लुका मुख्यालयों पर 13 फरवरी को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालतों के लिए न्यायिक बैंचों का गठन किया गया है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव मनोज जोशी ने बताया कि लोक अदालत में रेफर किए गए बैंक प्रकरण, 138 एनआई एक्ट, वसूली प्रकरण प्रि-लिटिगेशन आदि के रेफर प्रकरणों के निस्तारण के लिए ही विभिन्न तहसील मुख्यालयों पर स्थित अदालतों में न्यायिक बैन्चों का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय मेड़ता में दो बैन्चों का गठन किया गया है, प्रथम बैन्च में वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मेड़ता पुखराज गहलोत अधिवक्ता मोहम्मद शरीफ तथा ओमप्रकाश बांता सदस्य होंगे। द्वितीय बैन्च में सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट, मेड़ता डॉ. मनोज जोशी अधिवक्ता सांवलराम तिवाडी, श्यामलाल मेहरिया सदस्य होंगे। इन गठित बैन्चों द्वारा 13 फरवरी को एडीआर सेन्टर मेड़ता में प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा। गौरतलब है कि इससे लोगों को न्याय मिलने में आसानी रहेगी और न्याय भी तेज गति से कम समय से मिलेगा। बैंचों के गठन से बैंक से संबंधित प्रकरण भी कम समय में निपटाए जा सकेंगे।