कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुति से लोक संस्कृति की बिखेरी छटा
विश्व प्रसिद्ध रामदेव पशु मेले में प्रतियोगिताएं हुई शुरू
नागौर| राज्यस्तरीय रामदेव पशु मेले के तहत शनिवार को पशु प्रदर्शनी स्थल पर विभिन्न कलाकारों ने नृत्य की प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरूआत कैलाश निंबावत एंड पार्टी के कलाकारों द्वारा गणेश वंदना के साथ की गई। उसके बाद पार्टी के कलाकारों की ओर से बन्ना मेला में झगड़ों.., आपा चकरी में झुलाला जैसे गीतों की प्रस्तुतियों देकर सांस्कृतिक संध्या का शानदार आगाज किया। इसी प्रकार जोधपुर से आई नृत्य कलाकार इंद्रा ढावसी ने केशरिया बालम आवो नी गीत पर प्रस्तुति देकर दर्शकों को राजस्थानी संस्कृति की याद दिला दी। कार्यक्रम की अगली कड़ी में चमन चुलबुल ने अपने अंदाज में कॉमेडी से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। इसी दौरान कलाकार ने निंबूड़ा निंबूड़ा गीत पर नृत्य की प्रस्तुति देकर दर्शकों की जमकर दाद बटोरी। करीब चार घंटे तक चले इस सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान रामदेवजी के भजन, म्हारी तीतरी सहित अनेक गीतों की प्रस्तुतियां भी दी गई। इस दौरान कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद शरीफ छींपा ने किया। इस दौरान विदेशी सैलानियों सहित पशुपालक बड़ी संख्या में शहरवासी भी उपस्थित रहे।
नागौर. पशुप्रदर्शनी स्थल पर शनिवार शाम को आयोजित सांस्कृति संध्या में उमड़े लोग।
नागौर. पशुमेले में प्रतियाेगिता में प्रथम आने वाले बैल के रिब्बिन बांधते प्रधान।