कुचामन में 7400 परीक्षार्थियों ने दी पटवारी भर्ती परीक्षा
भास्कर संवाददाता|कुचामन सिटी
कुचामन में शनिवार को 25 परीक्षा केन्द्रों पर पटवारी भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण सम्पन्न हुई। परीक्षा केन्द्रों पर 10174 में से 7400 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के चलते दिनभर शहर में गहमागहमी का माहौल रहा। परीक्षा खत्म होने से लेकर शाम तक तो परीक्षार्थियों की रेलमपेल के बीच शहर में वाहनों की कतारें लगी नजर आई। इधर, परीक्षा शांतिपूर्ण सम्पन्न होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। सुबह साढ़े 10 बजे से ही परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों की भीड़ जुटना शुरू हो गई। परीक्षा केन्द्र में प्रवेश से पूर्व परीक्षार्थियों को कड़ी जांच से गुजरना पड़ा। सफल आयोजन के लिए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क नजर आया। एसडीएम महेन्द्र मीणा, डीएसपी विद्याप्रकाश, तहसीलदार अभिलाषा चौधरी, विकास अधिकारी रामनिवास, बाबूलाल जांगिड़ ने परीक्षा केन्द्रों पर निरीक्षण कर स्थिति पर नजर रखी। वहीं थानाधिकारी अमराराम सहित विभिन्न थानों का जाप्ता 280 जवानों की आरएएसी बटालियन परीक्षा केन्द्रों पर तैनात रही।
डीडवाना|राजस्थानअधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा चयन बोर्ड के निर्देशन में शनिवार को दोपहर 12 से 3 बजे तक पटवारी सीधी भर्ती परीक्षा शांतिपूर्वक आयोजित की गई। एसडीएम आरके मीणा ने बताया कि 5684 में से 509 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं 4775 ने सभी 17 केन्द्रों पर परीक्षाएं दी। परीक्षा को लेकर सभी केन्द्रों पर सीसीटीवी जैमर लगाए गए। डीडवाना एडीएम छगनलाल गोयल, एएसपी, डीएसपी, लाडनूं एसडीएम मुरारीलाल शर्मा सहित डीडवाना थाना प्रभारी मय जाब्ता के साथ सभी केन्द्रों पर अलग-अलग दल के रूप में गश्त लगा रहे थे।
मेड़ता रोड. पटवारीभर्ती परीक्षा के कारण शनिवार को मेड़ता रोड रेलवे स्टेशन पर युवकों की भीड़ रही। अभ्यर्थियों के लिए चलाई गई स्पेशल ट्रेन का समय सही नहीं होने के कारण एक ट्रेन खाली ही संचालित हुई तो दूसरी ट्रेन जोधपुर-नागौर में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने यात्रा की।
दोपहर तीन बजे बाद जैसे ही परीक्षा खत्म होने के बाद परीक्षा केन्द्रों से परीक्षार्थी बाहर निकले, शहर की सड़कों पर अचानक भीड़ बढ़ गई। इससे सीकर रोड, डीडवाना रोड और स्टेशन रोड पर जाम की स्थिति बन गई। परीक्षार्थियों की भीड़ वाहनों की रेलमपेल से शहर का यातायात अस्त-व्यस्त हो गया। हालांकि पर्याप्त संख्या में लगी पुलिस बल के प्रयासों से जाम की स्थिति पर काबू पाया गया।
कुचामन सिटी. शहरके जवाहर सीनियर सैकंडरी स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र पर कड़ी जांच के बाद प्रवेश दिया गया।
परीक्षा केंद्र पर एक परीक्षार्थी को बालों को खोलकर जांच करवानी पड़ी।
मकराना. परीक्षादेकर राउमावि परीक्षा केंद्र से बाहर निकलते परीक्षार्थी।