मेड़ता रोड में जलदाय विभाग अधिकारियों ने किया निरीक्षण
मेड़ता रोड | कस्बेके भास्कर आजाद नगर में पेयजल सप्लाई को लेकर जलदाय विभाग के अधिकारियों ने एक वर्ष पूर्व बिछाई गई पाइप लाइनों का निरीक्षण किया। कॉलोनी में रहने वाले क्षेत्रवासियों से भी मुलाकात कर जलापूर्ति को लेकर चर्चा की। कस्बे के भास्कर आजाद नगर में करीब एक वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत के द्वारा पाइप लाइन बिछाई गई थी। मगर सप्लाई लाइन से नहीं जोड़े जाने पर हाल ही में जिला परिषद सदस्य श्रीमती मोनिका चौधरी ने जिला परिषद बैठक में जलदाय विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया कि मेड़ता रोड के आजाद नगर भास्कर कॉलोनी में ग्राम पंचायत के द्वारा एक वर्ष पूर्व ही पाइप लाइन बिछा दी गई थी। मगर पानी के कनेक्शन को नहीं जोड़ा गया। इससे जलापूर्ति नहीं हो रही है। ऐसे में ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। इसे गंभीरता से लेते हुए मेड़ता एक्सईएन अर्जुनराम लूणा ने एईएन, जेईएन आदि को निर्देशित करते हुए कहा कि मामले में ढिलाई क्यों बरती गई। शीघ्र ही पाइप लाइन को जोड़ा जाकर सप्लाई शुरू की जाए। इस संबंध में 6 जनवरी को आदेश भी जारी किया गया। बुधवार को मेड़ता उपखंड के एक्सईएन अर्जुनराम लूणा, एईएन सतपालसिंह डूडी, जेईएन राकेश चौधरी ने कॉलोनी का निरीक्षण करते हुए कैलाश लटियाल, वार्डपंच मेघराज, कमल शर्मा, कानसिंह, जितेंद्रसिंह आदि से पाइप लाइन में कनेक्शन जोड़कर सप्लाई चालू करने पर चर्चा की। शीघ्र सप्लाई शुरू करने के लिए रूपरेखा भी तैयार की गई है।