मंडलाधिकारी ने किया उप कारागृह का निरीक्षण
भास्कर संवाददाता | मेड़ता सिटी
अजमेरकी सेन्ट्रल जेल अजमेर के मंडलाधिकारी संजय यादव ने बुधवार को मेड़ता उप कारागृह का वार्षिक निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई पर जोर दिया तथा यहां मौजूद सुविधाओं पर संतोष जताया। इस दौरान बंदियों ने यादव से कैंटीन खोलने की मांग की, जिस पर उन्होंने कहा कि ये सुविधा बड़ी जेलों में ही होती है। उन्होंने बंदियों का नियमित मेडिकल चैकअप कराने के निर्देश भी दिए। इस दौरान मेड़ता सब जेल के सहायक कारापाल रविकुमार ने जेल में मौजूद सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने यादव को अवगत कराया कि दो नए बैरक यहां मंजूर हुए हैं। जिसका निर्माण जल्द शुरू कराया जाएगा। इस दौरान उन्होंने रिक्त पदों से पैदा हो रही समस्याओं की भी विस्तार से जानकारी दी। इस पर मंडलाधिकारी यादव ने रिक्त पदों को भरने का आश्वासन दिया।
भास्कर में आठ फरवरी को ही “मेड़ता सब-जेल में बैरक पूरे सुरक्षा गार्ड’ शीर्षक से एक समाचार प्रकाशित कर इस जेल में व्याप्त असुविधाओं को उजागर किया गया था। इस आशय के समाचार प्रकाशित होते ही जिला प्रशासन से लेकर मंडलाधिकारी तक हरकत में गए। मंगलवार को कलेक्टर राजन विशाल ने यहां निरीक्षण किया और अब बुधवार को अजमेर सेंट्रल जेल के मंडलाधिकारी संजय यादव ने मेड़ता सब-जेल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखा। दोनों अधिकारियों ने बंदियों से मुलाकात की तथा यह माना कि यहां बंदियों की संख्या अधिक होने के चलते सुरक्षा गार्ड प्रहरियों की कमी है। बैरकों की कमी को भी दोनों अधिकारियों ने देखा तथा जेल कारापाल रवि कुमार को आश्वासन दिया कि जल्द ही यहां सुविधाएं बढ़ाई जाएगी।