गांवाें में चरागाह, सिवायचक की खाली पड़ी भूमि पर करवाएं पौधरोपण: सीईओ
जिलापरिषद सीईओ जुगलकिशोर मीणा ने क्षेत्र की पंचायतों में चौपाल लगाकर जल स्वावलंबन योजना के बारे में ग्रमीणों और सरपंचों संबंधित विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली। सीईओ ने हीरियाखेड़ी पंचायत में आयोजित चौपाल में पंचायत के गांवों में योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों और होने वाले कार्यों की जानकारी दी। अधिकारियों से योजना में चल रहे कार्यों के बारे में विस्तार से चर्चा की। तलाई को गहरा करने, उनके कैचमेंट क्षेत्र को बढ़ाने पर सुझाव मांगे। वहीं चरागाह सिवायचक की खाली पड़ी भूमि पर पौधरोपण करने के प्रस्ताव लेकर कार्य शुरू करने के निर्देश पंचायतों और अधिकारियों को दिए। सभी गांवों में माइंस ओनर से मशीन लेकर योजनाओं में चलवाने की बात कही। पौधरोपण कर चारों ओर सुरक्षा के लिए गहरी नालियां बनाने को भी कहा, ताकि जानवर पौधों को नुकसान नहीं पंहुचा सके। पौधों के लिए पानी की व्यवस्था को नलकूप लगवाने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए। योजना में आए किसी गांव में अगर नाला या कोई तालाब एनीकट योजना में शामिल नहीं हुआ हो, तो शामिल करें और प्रस्ताव बनाए जाएं। गांव में घर-घर जाकर सहयोग लें, चाहे कोई 10 रुपए का ही योगदान योजना में दे। इसके लिए रसीद भी सहयोग देने वाले को दी जाएगी। सहयोग करने से लोगों को कार्य अपना लगेगा और पूरी सुरक्षा कार्यो की होगी। जहां आंगनबाड़ी केंद्र किराए के भवनों में चल रहे हैं, ऐसी जगह को चिह्नित कर आंगनबाड़ी केंद्रों को समीप के स्कूल में चलवाने की प्रक्रिया अमल में लाई जाए। इसके निर्देश सीईओ ने बीइओ रामेश्वर मेघ को दिए।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओ को केंद्रों पर बच्चों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए और पोषाहार सही और गर्म परोसने के निर्देश दिए। गांवों में पानी की समस्या के लिए मौके पर ही जलदाय विभाग के जेईएन को दो दिन में व्यवस्था सुधारने के आदेश दिया।
पंचायतों को जल्द ही शौच मुक्त करने के निर्देश
चौपाल में आए खीमच, कुदायला और हिरियाखेड़ी सरपंच से शौचालय बनवाने की जानकारी ली। हीरियाखेड़ी पंचायत में बाकी बचे शौचालयों को 28 फरवरी तक पूरा कराने का आदेश दिया।
सीईओ ने सहरावदा पंचायत में भी चौपाल लगाई। वहां पर भी सभी अधिकारियों से योजना के कार्यों की जानकारी ली। सीईओ ने पंचायत की चरागाह भूमि पर पौधरोपण करने और जनसहयोग से राशि लेने की बात कही। सीईओ ने हीरियाखेड़ी के चारियाखेड़ी गांव में चल रहे तलाई के निर्माण कार्य को देखा और तलाई की गहराई बढ़ाने और कैचमेंट क्षेत्र बढ़ाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। नमाना गांव में एनीकट को तालाब बनाने के कार्य का भी निरीक्षण किया और कार्य को सही और समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
सीईओ के साथ एसडीएम एसडी मीणा, नायब तहसीलदार मोइनुद्दीन, प्रधान भगवानसिंह धाकड़ के साथ विद्युत, जलदाय, कानूनगो, पटवारी, स्कूल प्रधान और सभी ग्रामवासी मौजूद रहे।
मोड़क स्टेशन। निमाना मंे कार्यों का निरीक्षण करते सीईओ और जनप्रतिनिधि।