- Hindi News
- आश्वासन के बाद माउंट आबू में खुली दुकानें
आश्वासन के बाद माउंट आबू में खुली दुकानें
हिलस्टेशन माउंट आबू में न्यायालय के आदेश पर अतिक्रमण अवैध निर्माणों को तोड़ने की कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों एवं शहरवासियों ने रविवार को पूरा शहर बंद रखा तथा सोमवार को भी बंद का आह्वान किया था, लेकिन नगरपालिका अध्यक्ष की मांग पर एसडीएम की ओर से दी गई 10 दिन की मोहलत पर सोमवार को शहर खुला रहा। सोमवार को नगरपालिका अध्यक्ष लीलादेवी परमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल उपखंड अधिकारी से मिला। उन्होनें उच्च न्यायलाय में माउंट आबू के लोगों की ओर से रिव्यूपीटिशन दायर करने की बात कहकर उनसे कम से कम 10 दिनों की मोहलत दिए जाने का अनुरोध किया। इस पर उपखंड अधिकारी की ओर से मौखिक तौर पर मोहलत दिए जाने का आश्वासन दिया। इस पर शहर के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान दुकानें खोल दिए, जिससे मुख्य बाजार में आम दिनों की भांति चहल-पहल रही। हालाकि उपखंड अधिकारी का कहना है कि न्यायलाय में चिन्हित अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण की सूची का प्रथम चरण में जो मौका निरीक्षण किया गया था, उन्हें ध्वस्त करने की रविवार को कार्रवाई की गई। बाकी शेष रहे अवैध निर्मार्णो का मौका निरीक्षण किया जा रहा है, जिसमें कुछ समय लगेगा।