पैंथर के हमले से चरवाहा सहित तीन गंभीर घायल
रेवदर क्षेत्र के धवली, वास और दौलपुरा के बाद अब कैलाशनगर क्षेत्र के वाण गांव में भी हिंसक हुआ पैंथर
भास्करन्यूज| सिरोही
वाणगांव की पहाड़ी में बकरियां चराने गए चरवाहे सहित तीन युवक पैंथर के हमले में गंभीर रुप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल सिरोही रेफर किया गया। घायलों का ट्रोमा सेंटर में उपचार किया जा रहा है।
वाण सरपंच फतेहसिंह ने बताया कि वाण गांव निवासी थानाराम पुत्र ओबाराम देवासी हमेशा की तरह मंगलवार को भी उसकी बकरियां चराने के लिए जंगल में गया था। शाम करीब 4 बजे पैंथर ने उसकी एक बकरी को पकड़ ले जाने लगा। ऐसे में उसने बकरी को छुड़ाने का प्रयास किया, जिससे गुस्साए पैंथर ने बकरी को छोड़ थानाराम पर हमला कर दिया। पैंथर ने थानाराम के सिर को जबड़े में पकड़ लिया, लेकिन संतुलन बिगड़ने पर वे गिर पड़े। थानाराम के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग बचाने के लिए उसकी तरफ दौड़े। जिससे पैंथर थानाराम को छोड़कर जंगल की तरफ भाग गया। लोग उसे घायलावस्था में गांव लेकर पहुंचे। इसी बीच सरपंच फतेहसिंह देवड़ा को यह भी सूचना मिली। सरपंच ने खुद की जीप में तखतसिंह गोविंदसिंह की मदद से उसे इलाज के लिए सिरोही के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उधर, थानाराम की बकरियों को लेने के लिए गांव के 15-20 लोग लाठियां लेकर पहाड़ी पर पहुंचे। लोगों को आता देख पैंथर ने वागाराम पुत्र सवाजी मेघवाल और प्रकाश धर्माजी कलावंत पर पीछे से हमला कर उन्हें भी गंभीर घायल कर दिया। इन दोनों घायलों को ग्रामीणों ने पालड़ी एम अस्पताल में पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद एम्बुलेंस 108 से जिला अस्पताल के ट्रोमा सेंटर लाया गया। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। सरपंच ने बताया कि घटना की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दे दी, लेकिन घटना स्थल गांव में देर शाम तक कोई नहीं पहुंचा।
जोधपुरसे आई टीम वापस लौटी, नहीं मिला पैंथर
रेवदर|पंचायतसमिति के धवली, वास दौलपुरा गांव के आबादी क्षेत्र में पैंथर के वापस आने की सूचना पर जोधपुर से आई टीम को मंगलवार को भी पैंथर नहीं मिला। इस पर टीम वापस लौट गई।
शेष| पेज 15
जानकारीके अनुसार रविवार को पैंथर के गुजरात के जसौर अभयारण्य चले जाने के बाद सोमवार को पैंथर धवली और क्यारिया गांव के खेतों में वापस नजर आने की सूचना पर वन विभाग से अनादरा और सिरोड़ी रेंज की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया था। इसके बाद मंगलवार को जोधपुर से डॉ. श्रवण सिंह और माउंट आबू वन्यजीव संरक्षक मेहकराम विश्नोर्ई के नेतृत्व में टीम ने मंगलवार दिन भर धवली, क्यारिया, वास, दौलपुरा गांव के खेतों में पैंथर को ढूंढने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन पैंथर के क्षेत्र में होने के कोई संकेत नहीं मिले। अनदारा रेंजर पदमकिशोर सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर दो दिन से पैंथर को ढूंढने के प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन पैंथर नहीं मिला। ऐसे में वन विभाग की सभी टीमें मंगलवार शाम को वापस लौट गई। वहीं रेंजर पदमकिशोर सिंह ने बताया कि सोमवार को जो व्यक्ति घायल हुए थे, वे दोनों बाइक से गिर कर घायल हुए थे, जिनका गुजरात में उपचार चल रहा है। उन्हें पैंथर ने घायल नहीं किया था।
सिरोही. वाण गांव में पैंथर के हमले में घायल चरवाहे का इलाज करते डॉक्टर।