भरतपुर. समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शीतल प्रसाद शर्मा पर शुक्रवार को चुनावी रंजिश के चलते हमला करने की रिपोर्ट शनिवार को मथुरागेट थाना में दर्ज कराई गई है।
पुलिस के अनुसार पीरनगर हाउस बृजनगर निवासी शीतल प्रसाद पुत्र अंतराम शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके निवास पर सपा का जिला कार्यालय है और वह पार्टी का जिलाध्यक्ष है। यहां वह शुक्रवार शाम भुसावर जाने के लिए तैयार हो रहा था, तभी नरेश पुत्र जीतराम, विवेक पुत्र नरेश, विमल पुत्र नरेश निवासी पीरनगर उनके साथ अन्य तीन-चार लोग एक राय होकर आए।
नरेश के हाथ में बंदूक विवेक के हाथ में कारतूसों की बैल्ट एवं अन्य के हाथों में लाठी हाकियां थीं। वे गाली गलौच करते हुए अंदर घुस आए। पूछने पर नरेश ने उनके सीने पर बंदूक तान ली और चलाने लगा। तत्काल बंदूक की नाल को ऊपर कर दिया, जिससे गोली हवा में चली। गोली चीखने की आवाज सुनकर भाई अनिल कुमार अन्य लोग गए और उन्हें देखकर वे भाग गए।
उक्त लोग ग्राम पंचायत के चुनावों से ही रंजिश रखते हैं, क्योंकि उनके समर्थक उम्मीदवार चुनाव हार गए थे। नरेश का भाई दाऊदयाल भी चुनाव परिणामों के बाद से ही लगातार गोली मारने मरवाने की धमकी दे रहा था।