- Hindi News
- आठ साल की बच्ची पर बैंक में 6 लाख चुराने का आरोप
आठ साल की बच्ची पर बैंक में 6 लाख चुराने का आरोप
भास्कर न्यूज|यमुनानगर (हरियाणा). इलाहाबादबैंक साढौरा में गुरुवार को आठ साल की बच्ची पर एक जमाकर्ता के छह लाख रुपए ले भागने का आरोप लगा है। बच्ची को बैंक के सुरक्षाकर्मी ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
बच्ची मध्यप्रदेश के राजगढ़ की निवासी होने की बात कह रही है। देर शाम तक उसे पुलिस थाने में ही रखा गया था। हालांकि जिस व्यक्ति के पैसे लेकर वह भागी थी उसने अपनी शिकायत वापस ले ली है। पुलिस के अनुसार, पॉल्ट्री व्यवसायी नीतेश कुमार 6 लाख रुपए जमा कराने बैंक पहुंचा था। वह वाउचर भरने लगा। तभी बच्ची उसके पास कुर्सी पर रखी रुपए की थैली लेकर भाग गई।
नीतेश के शोर मचाने पर गार्ड तिलक राज ने पीछाकर उसे पकड़ लिया। बाद में पुलिस बच्ची को थाने ले गई। उसने बताया कि वह मध्यप्रदेश के राजगढ़ की है। वह अपनी दादी के साथ कपड़े बेचने यहां आई है। पुलिस यह पता करना चाहती है कि इस वारदात के पीछे कहीं कोई संगठित आपराधिक गिरोह तो नहीं काम कर रहा है। बाल संरक्षण अधिकारी के माध्यम से बच्ची से पूछताछ की जा रही है।