- Hindi News
- खपत बढ़ने, उत्पादन घटने से और महंगा हुआ गुड़
खपत बढ़ने, उत्पादन घटने से और महंगा हुआ गुड़
जयपुर| गुड़की खपत बढ़ने और उत्पादन घटने से इन दिनों इसकी कीमतों में तेजी बनी हुई है। स्थानीय सूरजपोल मंडी में शुक्रवार को गुड़ की सभी किस्मों में मजबूती का रुख रहा। कारोबारी मुरारीलाल अग्रवाल ने बताया कि जहां एक ओर सर्दी बढ़ने से गुड़ की खपत बढ़ रही है वहीं प्रमुख उत्पादक मंडियों में इसका उत्पादन घट रहा है। उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर एवं आसपास के क्षेत्रों में धुंध छाने से गुड़ के उत्पादन में कमी आई है। धुंध के कारण क्रैशरों पर गन्ने की आवक घट गई है। मुजफ्फरनगर मंडी में गुड़ की आवक घटकर छह से सात मण (40 किलो) प्रतिदिन रह गई है। सूरजपोल मंडी में गुड़ की दैनिक आवक तीन-चार गाड़ी रह गई है। ढैया गुड़ थोक में 100 रुपए की तेजी के साथ 2500 से 2600 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। इसी प्रकार पतासी गुड़ के भाव 2575 से 2750 रुपए प्रति क्विंटल बोले गए। जानकारों के अनुसार, मकर संक्रांति तक गुड़ की कीमतों में मंदी के कोई आसार नहीं हैं।
भाव :- चीनी 2930 से 3160 रुपए प्रति क्विंटल टैक्स पेड। गुड़ : ढैया 2500 से 2600, खुरपा 2450 से 2525, पतासी 2575 से 2750, रसकट 2200 से 2350, बरेली 2500 से 2600 रुपए प्रति क्विंटल टैक्स पेड।