रिश्वत लेते कार्यालय सहायक पकड़ा
नगर. भ्रष्टाचारनिरोधक ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को पंचायत समिति के कार्यालय सहायक को ढाई हजार रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्यालय सहायक ने रिश्वत की राशि एक हैण्डपंप मिस्त्री की सेवा अवधि का फिक्सेशन करने की एवज में मांगी थी।
ब्यूरो के निरीक्षक अजय सिंह ने बताया कि परिवादी हैण्डपंप मिस्त्री कमल चन्द द्वारा गत 11 दिसंबर को भरतपुर स्थित भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो कार्यालय में पंचायत समिति के कार्यालय सहायक जवाहर सिंह गुर्जर के खिलाफ फिक्सेशन करने की एवज में 2500 रुपए मांगने की शिकायत की थी। शिकायत की पुष्टि होने पर शुक्रवार सुबह एसीबी टीम पंचायत समिति कार्यालय पहुंची। टीम ने कमल चन्द को रिश्वत की राशि देकर भेजा। कार्यालय सहायक गुर्जर द्वारा कमल से 2500 रुपए लेते ही टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। बाद में टीम ने रिश्वत की राशि बरामद कर हाथ धुलाने पर रंग गुलाबी हो गया। निरीक्षक अजय सिंह ने बताया कि रिश्वत लेने के आरोप में पकड़े कार्यालय सहायक जवाहर सिंह को शनिवार को एसीबी न्यायालय में पेश किया जाएगा।
बुलाया जाब्ता, ऑफिस में नहीं दिखे कर्मचारी
एसीबीटीम द्वारा कार्यालय सहायक जवाहर सिंह गुर्जर को रंगे हाथों पकड़ने की कार्रवाई के दौरान शांति व्यवस्था के लिए पुलिस थाने के जाब्ते को पंचायत समिति कार्यालय बुलवाया गया। दूसरी ओर एसीबी टीम की कार्रवाई के दौरान पंचायत समिति मनरेगा कार्यालय के अधिकांश कर्मचारी कार्यालय से अनुपस्थित दिखाई दिए।
न्यायालयसे स्टे मिलने पर था कार्यरत
गत16 सितंबर को तत्कालीन एसडीएम हरिताभ आदित्य ने कार्यालय सहायक जवाहर सिंह गुर्जर को भामाशाह योजना के तहत ग्राम पंचायत बेर्रु में संचालित शिविर में हेल्पडेस्क पर कार्य में लापरवाही बरतने पर कार्यमुक्त कर जिला कलेक्टर कार्यालय भेजने के आदेश किए थे। 22 सितंबर को जिला परिषद भेजने पर उक्त कार्यालय सहायक राजस्थान उच्च न्यायालय से स्थगन आदेश पर ड्यूटी कर रहा था।
नगर. एसीबी टीम की गिरफ्त में कार्यालय सहायक।