- Hindi News
- तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार
तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार
जयपुर| तहसीलदारको शिकायत की जांच रिपोर्ट पेश करने की एवज में तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते सांगानेर तहसील के पटवारी को एसीबी ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी पटवारी महेन्द्र कुमार मीणा से एसीबी पूछताछ कर रही है। एसीबी ने आरोपी के जगतपुरा तिरुपति नगर स्थित घर की तलाश ली। लेकिन वहां पर एसीबी को कुछ नहीं मिला। आरोपी महेन्द्र को एसीबी मंगलवार को कोर्ट में पेश करेगी। एएसपी बजरंग सिंह ने बताया कि झालाना निवासी उमेश कुमार जांगिड़ ने शिकायत की थी झालाना में वह ई-मित्र और कोचिंग क्लासेज चलाता है।
इस संबंध में वहां पर रहने वाले दिनेश कुमार गुप्ता ने सांगानेर तहसील में उमेश कुमार के खिलाफ फर्जी मित्र और कोचिंग क्लासेज चलाने की शिकायत सांगानेर तहसील में की थी। मामले की जांच तहसीलदार ने पटवारी महेन्द्र कुमार मीणा को सौंपी गई थी। महेन्द्र कुमार ने इसकी जांच की तो सामने आया कि ई-मित्र और कोचिंग क्लासेज फर्जी तरीके से नहीं चल रही है। मीणा को जांच रिपोर्ट तहसीलदार को भेजनी थी। लेकिन कई दिनों से जांच रिपोर्ट अटका रखी थी। जांच रिपोर्ट पेश करने के लिए मीणा ने उमेश से सात हजार रुपए मांगे थे। दोनों के बीच तीन हजार में तय हुआ था। उमेश की शिकायत का सत्यापन करने के बाद सोमवार को आरोपी पटवारी महेन्द्र मीणा को सांगानेर स्थित पटवारी कार्यालय में तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पिछले डेढ़ माह से जगतपुरा इलाके का अतिरिक्त चार्ज दे रखा था।