चंदा इकट्ठा कर गंदगी की जगह लगाए पौधे
भरतपुर. काफीदिनों से कॉलोनी में खाली पड़े मैदान पर लगे गंदगी के ढेर उठाने के लिए लोग नगर निगम के अफसरों के पास शिकायत की, लेकिन किसी ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। ऐसे में एसटीसी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के नागरिकों ने गंदगी के स्थान पर ही पौधरोपण अभियान चलाने का निर्णय लिया। रविवार को कॉलोनी में इस काम के लिए चंदा इकट्ठा किया गया। जितना चंदा आया उसी के माध्यम से पानी की टंकी के पास काफी दिनों से खाली पड़े मैदान में कूड़ा करकट गंदगी के ढेर उठवाए और फैनसिंग कराई। इसके बाद कॉलोनी के प्रत्येक व्यक्ति ने एक एक पौधा लगाया। इस अवसर पर मोहन चतुर्वेदी, पिंकी चतुर्वेदी, बीके गुप्ता, दिनेश, दौलत यादव, नत्थीलाल सहित बड़ी संख्या में कालोनी के लोग मौजूद थे।