- Hindi News
- जापानी युवती से दुष्कर्म करने वाले को भगाया
जापानी युवती से दुष्कर्म करने वाले को भगाया
जयपुरघूमने आई जापानी युवती को रविवार देर रात मौजमाबाद (दूदू) ले जाकर दुष्कर्म करने वाले मुख्य आरोपी की पुलिस ने पहचान कर ली है। पुलिस ने उन सात जनों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, जिन्होंने मुख्य आरोपी को शहर से भगाने में मदद और दुष्कर्म के साक्ष्यों को मिटाने की कोशिश की।
आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें बाहर भेजी गई हैं। वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त कर ली गई है। महानिरीक्षक डीसी जैन ने मंगलवार को बताया कि मुख्य आरोपी तुंबीपुरा गांव (मौजमाबाद) निवासी अजीत सिंह चौधरी (24) है। वह जयपुर में रहकर अनधिकृत गाइडिंग (लपकागिरी) करता है। वह पांडिचेरी में फ्रैंच भाषा सीखने का दो वर्षीय कोर्स कर रहा है। हिरासत में लिए गए आरोपी मौजमाबाद, दूदू निवासी वाहिद नागौरी (22), उसका भाई अबरार (24), चौरू, फागी निवासी शिवराज जाट (33), राजवीर सिंह (23), रविंद्र सिंह (20), खुडियाला, दूदू निवासी रामवीर जाट (26) और चंपानगर, गुर्जर की थड़ी निवासी धर्मवीर जाट (21) हैं।