हार का कारण जानने वैर नहीं आए मंत्री
भरतपुर| प्रदेशसंगठन के निर्देश के बाद भी वैर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रबंधन संभालने वाले तीनों मंत्री नहीं आए। इन्हें उपचुनाव में हार का कारण जानना था। साथ ही लोगों की समस्याओं का संकलन कर समाधान कराना था। क्षेत्र में करीब 8 विधायक एक सांसद जरूर आए।
इसके अलावा संगठन के पदाधिकारियों ने भी वैर क्षेत्र का दौरा किया और वैर भुसावर में कार्यकर्ताओं की मीटिंग ली। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों विधानसभा उपचुनाव की समीक्षा बैठक में वैर क्षेत्र में लगाए गए मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन के पदाधिकारियों को मौके पर जाकर हार की जमीनी हकीकत जानना था। साथ ही लोगों की समस्याएं सुननी थी, किंतु वैर में लगाए गए शिक्षा मंत्री कालीचरण सर्राफ, सामाजिक अधिकारिता मंत्री अरुण चतुर्वेदी एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति हेमसिंह भड़ाना नहीं आए। इसके अलावा पांच सांसदों में से एक तथा 21 विधायकों में से केवल 8 एमएलए ही अपने-अपने क्षेत्र में दौरा करने पहुंचे। जिलाध्यक्ष भानुप्रतापसिंह ने बताया कि व्यस्तता के कारण मंत्री एवं अन्य सेक्टर प्रभारी नहीं पाए। ये अगले दिन में आएंगे और अपने क्षेत्र का दौरा करेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश महामंत्री बाबूलाल वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष भजनलाल शर्मा, जिलाध्यक्ष भानुप्रतापसिंह सहित सांसद गजेंद्रसिंह शेखावत, विधायक नरेंद्र नागर, जगदीश मीणा, हेमराज मीणा, जयराम जाटव, फूलचंद भिंडा, मदन राठाैड़, अर्जुनलाल, जोगाराम पटेल, अनीता गुर्जर, ओमप्रकाश हुड़ला आदि ने अपने सेक्टर का दौरा किया।
ओम बिड़ला को बनाया प्रभारी
भारतीयजनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व ने संगठन की दृष्टि से सभी जिलों में प्रभारी लगाए हैं। इसमें सांसद बिडला को भरतपुर जिले का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष भजनलाल शर्मा को कोटा तथा रामचरण बोहरा को धौलपुर का प्रभारी बनाया गया है। ये प्रभारी कार्यकारिणी का गठन, मंडल, मोर्चों, प्रकोष्ठों की कार्यकारिणी सहित संगठनात्मक गतिविधियों की मॉनिटरिंग करेंगे। इसके अलावा निकाय चुनावों पर भी चर्चा करेंगे।
भुसावर. भाजपा की बैठक में उपस्थित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता।