- Hindi News
- 5.27 लाख के नकली नोट बरामद रामगढ़ क्षेत्र में कार्रवाई
5.27 लाख के नकली नोट बरामद रामगढ़ क्षेत्र में कार्रवाई
अलवर। थानारामगढ़ पुलिस ने पांच लाख 27 हजार 500 रुपए के नकली नोट बरामद किए हैं। नकली नोट क्षेत्र के किसी व्यक्ति को देने के लिए नगर थाना क्षेत्र के गांव जीत रेडी निवासी रामनारायण पुत्र धर्मसिंह गुर्जर आया था। इसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई बुधवार शाम को की गई। इस संबंध में मुखबीर से पुलिस को सूचना मिली थी। पुलिस को जानकारी हुई कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में फर्जी नोटों का कारोबार करता है। इस सूचना पर थानाधिकारी द्वारा टीमें बनाई गईं। इस टीम को पता लगा कि रामगढ़ से करीब आठ किलोमीटर दूर धोली गांव में एक व्यक्ति घूम रहा है। यह व्यक्ति एक लाख के बदले में दो लाख रुपए देने की बात कर रहा है। इस पर पुलिस मौके पर गई, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। इसके बाद सादा वस्त्रों पुलिस जवान गांव के आस पास तैनात कर दिए गए। बुधवार को जिस व्यक्ति को यह नोट मिलने थे, वह बताए गए स्थान पर नहीं आया। लेकिन पुलिस को मुखबीर ने जिस मोटर साइकिल का नंबर दिया, उस पर पुलिस ने नजर रखी। दोपहर के समय यह मोटरसाइकिल नंबर आरजे 02 एसबी 0732 आई। इसे रुकने का इशारा किया गया तो मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति अपने थेले को संभालता हुआ मोटरसाइकिल छोड़ कर भाग गया। पुलिस ने पीछा कर इस व्यक्ति को पकड़ लिया। इसके कब्जे से 5 लाख 27 हजार 500 रुपए बरामद किए गए।