- Hindi News
- अमेरिकी बंधक की मौत का दावा आपराधिक प्रचार:जॉर्डन
अमेरिकी बंधक की मौत का दावा आपराधिक प्रचार:जॉर्डन
आतंकीसंगठन आईएस ने दावा किया था कि उसके ठिकाने पर जॉर्डन के हवाई हमलों में अमेरिकी बंधक कायला म्युलर मारी गई। जॉर्डन ने शनिवार को कहा कि यह दावा इस्लामी स्टेट के आतंकियों का ‘आपराधिक प्रचार’ है।
म्युलर (26) राहत कार्यकर्ता थीं और भारत, इजरायल, फिलिस्तीन में काम करने के बाद सीरिया पहुंची थीं। आतंकियों की वेबसाइट पर कहा गया था, ‘हमले में उनका कोई लड़ाका घायल तक नहीं हुआ केवल अमेरिकी बंधक मारी गई।’ अलबत्ता, उसके माता-पिता ने कहा, ‘हमें उम्मीद है कि वह अभी जीवित है।’ उन्होंने आतंकियों से अपील की है कि कायला की सुरक्षित वापसी के लिए वे उनसे संपर्क करें। उन्होंने कहा,‘आपने कहा था कायला आपकी मेहमान है। मेहमान के तौर पर उसकी सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी आपकी थी।’
म्युलर इस्लामी स्टेट के आतंकियों के पास अंतिम अमेरिकी बंधक थी। तीन अमेरिकी बंधकों की हत्या आतंकी पहले ही कर चुके हैं। शुक्रवार को अमेरिका में आतंकियों की मदद करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कानून मंत्रालय के अनुसार उनका एक सहयोगी फरार हो गया है। ये सभी छह बोसनिया के नागरिक हैं। उधर इराकी राजधानी बगदाद में शनिवार को दिन का कर्फ्यू हटने के कुछ ही घंटों बाद कई बम विस्फोट हुए। इनमें 37 लोग मारे गए, 86 घायल हो गए।
जॉर्डन की महारानी आतंकियों के खिलाफ प्रदर्शन में निकलीं
जॉर्डनके पायलट को जिंदा जलाए जाने के खिलाफ शुक्रवार को जॉर्डन में आतंकियों के खिलाफ रैली निकाली गई। जॉर्डन की महारानी रानिया ने इसका नेतृत्व किया। जुमे की नमाज के बाद इस रैली में हजारों लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारी देश के झंडे तथा पायलट कसास्बेह की फोटो लिए हुए थे। वे ‘हत्या का बदला लेंगे’ जैसे नारे लगा रहे थे।