- Hindi News
- 6 करोड़ रु. में बन रहा है गांधीनगर में मिनी पीएमओ
6 करोड़ रु. में बन रहा है गांधीनगर में मिनी पीएमओ
{दिव्य भास्कर नेटवर्क . गांधीनगर
प्रधानमंत्रीनरेन्द्रमोदी की साल 2015 की पहली यात्रा के लिए गुजरात में ‘विशेष पीएमओ’ आकार ले रहा है। दिल्ली में मौजूदा पीएमअो के बाद अब वाराणसी और गांधीनगर में मिनी पीएमओ होगा। दो मंजिला यह दफ्तर चार हजार वर्गमीटर में बनेगा। लागत होगी करीब छह करोड़ रुपए। इस मिनी पीएमओ में दो ड्रॉइंग रूम, दो कांफ्रेंस हॉल एवं पांच बैडरूम होंगे।
जनवरी- 2015 में गुजरात की राजधानी गांधीनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के दो आयोजन होने जा रहे हैं। प्रवासी भारतीय दिवस और वायब्रंट गुजरात वैश्विक निवेशक सम्मेलन-2015। पीएमओ के दिशा-निर्देश के अनुसार इस ‘पीएमओ’ का स्ट्रक्चर तैयार हो रहा है, ताकि प्रवासी भारतीय दिवस एवं वायब्रंट गुजरात के दौरान गांधीनगर में होने पर प्रधानमंत्री यहां से दफ्तर का काम करेंगे। यहां मोदी विशेष डेलिगेट्स के साथ बैठक करेंगे। प्रोटोकॉल के तहत प्रधानमंत्री राजभवन में ठहरते हैं किन्तु प्रवासी भारतीय दिन के आयोजन में राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के भी आने से विशेष इंतजाम किया जा रहा है। वायब्रंट-15 के लिए गुजरात सरकार ने 500 कंपनियों के प्रमुखों को आमंत्रित किया है। जल्द ही सुरक्षा चक्र-व्यवस्था की पड़ताल के लिए एसपीजी का दस्ता भी यहां आने वाला है।