पूर्व िवधायक के बेटे का हत्यारोपी फरार
किशनगढ़के पूर्व विधायक नाथूराम सिनोदिया के पुत्र भंवर सिनोदिया की हत्या सहित कई अपराधिक मामलों में आरोपी शहजाद मंगलवार रात डेगाना रेलवे स्टेशन के निकट चलती ट्रेन से कूद कर भाग गया। शहजाद को गंगानगर जेल से जयपुर चोरी के मामले में कोर्ट में पेशी पर ले जाया गया था।
जेल के सशस्त्र चालानी गार्ड उसे पेशी भुगताने के बाद ट्रेन से वापस गंगानगर ला रहे थे। शहजाद शौच के बहाने कोच के गेट के पास पहुंचा और चलती ट्रेन से छलांग लगाकर फरार हो गया। पुलिस कर्मियों ने मेड़ता रोड जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। श्रींगगानगर एसपी ने लापरवाही बरतने वाले पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। जीआरपी और पुलिस के दल आराेपी की तलाश कर रहे हैं। बीकानेर जेल में गोलीकांड के बाद एहतियात के तौर पर राज्य की जेलों में बंद कुख्यात अपराधियों को दूसरी जेलों में ट्रांसफर किया गया था। इसके चलते अजमेर सेंट्रल जेल में बंद भंवर सिनोदिया हत्याकांड के आरोपी शहजाद को गंगानगर जेल में शिफ्ट किया गया था। जयपुर में चोरी के मामले में गंगानगर पुलिस लाइन के छह सदस्यीय चालानी गार्ड के साथ शहजाद को पेशी के लिए जयपुर भेजा गया था। पुलिस दल पेशी के बाद मंगलवार को आरोपी शहजाद को ट्रेन से वापस गंगानगर ला रहे थे। डेगाना रेलवे स्टेशन के निकट शहजाद ने शौच की इच्छा जाहिर की। उसके हाथ में हथकड़ी थी। पुलिस कर्मी ने उसे शौचालय में पहुंचा दिया। शहजाद ने शौचालय में साबुन से हाथ धोए और हथकड़ी से हाथ निकाल लिया। इस मामले में पांच पुिलस वालों को सस्पेंड कर िदया गया है।