मकानों पर हाइटेंशन लाइन गिरी
बसेड़ी. टीचरकॉलोनी में सोमवार को सुबह 10 बजे दर्जन भर मकानों पर ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन लाइन गिर गई। इससे अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों से निकलकर बाहर गए और मामले की जानकारी विद्युत निगम को दी। इस सूचना पर निगम के अधिकारियों ने शट डाउन कर दिया, जिससे लोगों को राहत मिली।
इतने के बावजूद करीब 2 घंटे बाद तक विभाग का कोई भी अधिकारी मौके पर नहींं पहुंचा। जिससे आक्रोशित नागरिकों ने डिस्कॉम अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि क्षेत्र के कई जगह तथा आस-पास के गांवों के रिहायशी इलाकों से हाइटेंशन लाइन गुजर रही है। 11 केवी के तार भी झूल रहे हैं, लेकिन विभाग इससे अंजान बना हुआ है। बताया कि कई बार विभाग के अधिकारियों को इस समस्या के बारे में अवगत कराया जा चुका है।
मंत्रियों के आदेश भी बेअसर
सरकारआपके द्वार कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने इस संबंध में यहां आए मंत्रियों को भी शिकायत दी थी। मंत्रियों ने अधिकारियों को आदेश भी जारी कर दिए। बावजूद इसके अभी तक काेई कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता डीके गुप्ता ने मौका मुआयना किया था। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को 11 हजार केवी हाइटेंशन लाइन को हटाकर अन्यत्र जगह शिफ्ट करने के आदेश दिए थे। लेकिन 3 महीने गुजरने के बाद भी लाइन को नही हटाया गया है।
अब तक हो चुकी हंै तीन की मौत
क्षेत्रमें बिजली के तार कई वर्षों से झूल रहे हैं। दो महीने पूर्व 3 बड़े हादसे भी हो गए, लेकिन फिर भी विभाग ने अभी तक कोई कार्रवाई शुरू नहीं की है। गौरतलब है कि हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने के कारण 3 अगस्त को बरई गांव निवासी 40 वर्षीय रामअवतार की मौत हो गई तथा उसके दो दिन बाद ही 5 अगस्त को बृजमोहन पुत्र जगदीश परमार की मौत हो गई एवं 8 सितम्बर को सीमा कुशवाह की मौत भी इसी वजह से हुई।