फर्जी तरीके से उठाई 13 लाख की छात्रवृत्ति, एक गिरफ्तार
सवाई माधोपुर| भ्रष्टाचारनिरोधक ब्यूरो ने एक संस्था के संचालक को संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मिलीभगत कर फर्जी तरीके से 12 लाख 73 हजार 610 रुपए की छात्रवृत्ति का भुगतान उठा लेने के मामले में गिरफ्तार किया है। इस मामले में लिप्त विभागीय कुछ नामजद कर्मचारियों की गिरफ्तारी के भी प्रयास ब्यूरो ने तेज कर दिए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंदनदान बारहट ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2007-08 में संस्था देवांशु इंफोटेक सवाई माधोपुर के संचालक अरविंद गोयल पुत्र मदनलाल गोयल निवासी गंगापुर सिटी हाल निवासी बी-2/321 चित्रकूट योजना वैशाली नगर जयपुर द्वारा संबंधित विभागीय कुछ अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मिलीभगत एवं षड्यंत्रपूर्वक दो बार अलग अलग मामलों में छात्रवृत्ति स्वीकृत करवा ली। इससे राज्य सरकार को लाखों की चपत लगी है। इस मामले में संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अनुचित लाभ पहुंचाने एवं पद का दुरुपयोग करते हुए संस्था संचालक को अनियमित रूप से 1 लाख 41 हजार 270 रुपए तथा दूसरे 11 लाख 32 हजार 340 रुपए की राशि का छात्रवृत्ति के रूप में दो बार अलग अलग भुगतान कर दिया। इस पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में 10 जनवरी 2011 को दोनों मामले 13/2011 और 14/2011 अपराध संख्या पर दर्ज किए गए। आरोपी अरविंद गोयल को मंगलवार को गिरफ्तार कर एसीबी कोर्ट भरतपुर में पेश किया गया जहां से उसे 22 फरवरी तक जेसी के आदेश हुए।