- Hindi News
- National
- जिला प्रमुख से हाथापाई करने के आरोपी एनएसयूआई जिलाध्यक्ष, छात्रसंघ अध्यक्ष सहित तीन गिरफ्तार
जिला प्रमुख से हाथापाई करने के आरोपी एनएसयूआई जिलाध्यक्ष, छात्रसंघ अध्यक्ष सहित तीन गिरफ्तार
राजसमंद | नगरपरिषद चुनाव के दौरान जिला प्रमुख प्रवेश कुमार सालवी के सरकारी आवास में अवैध शराब की आशंका जताते हुए हंगामा करने और हाथापाई करने के आरोप में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष, एसआरके छात्रसंघ अध्यक्ष सहित 7 आरोपियों को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया। पुिलस ने बताया एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हस्तिनापुर कांकरोली निवासी विकास (20), एसआरके छात्रसंघ अध्यक्ष जेके मोड कांकरोली निवासी राजेंद्र गौरवा (21), केलवा निवासी आनंद सिंह (22) को गिरफ्तार किया।पुलिस ने यह कार्रवाई एसटी-एससी एक्ट के तहत की। जांच अधिकारी एससी-एसटी सेल के डीएसपी गणेशाराम ने बताया कि एनएसयूआई जिलाध्यक्ष विकास सोनी और एसआरके कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष राजेंद्र गौरवा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं के तलाश के लिए उनके घर दबिश दी गई। जिला प्रमुख के सरकारी आवास में अवैध शराब होने की आशंका जताकर बवाल करने के मामले में पुलिस ने गवाहों के बयान लिए। मौका पर्चा बनाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कई आरोपी अभी तक फरार चल रहे है।
यह था मामला : 23 जनवरी रात को राजसमंद जिला प्रमुख प्रवेश कुमार सालवी के सिविल लाइंस स्थित सरकारी आवास पर भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष महेश आचार्य और देवगढ़ प्रधान उम्मेद सिंह आदि थे। तभी अचानक लोगों की भीड़ उनके घर के बाहर पहुंच गई। आरोप लगाने लगे कि जिला प्रमुख के सरकारी आवास में चुनाव में बांटने आई शराब छिपाई गई है। यह आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। जिला प्रमुख जब बाहर निकले तो भीड़ इनके पीछे दौड़ पड़ी। गाली-गलौज करते हुए हाथापाई कर दी। इस पर जिला प्रमुख नजदीक ही स्थित एसपी डॉ. विष्णुकांत शर्मा के बंगले में चले गए थे।