सामूहिक विवाह पांडाल में मैरिज सर्टिफिकेट बनेंगे
सुरक्षा में लापरवाही, सीसीटीवी भी पांच बजे ही बंद हो जाते हैं
नीमकाथाना में 6 लाख रुपए से भरा एटीएम उठा ले गए लुटेरे
भास्कर न्यूज. नीमकाथाना | टोडाके पीएनबी एटीएम को बुधवार रात चोर उठाकर ले गए। एटीएम में उस वक्त छह लाख रुपए बताए जा रहे हैं। एटीएम को बैंक के बरामदे में अलमारी की तरह रखा हुआ था जिसे फर्श में फिट भी नहीं किया गया था। इस वजह से चोरों को उसे ले जाने में कोई दिक्कत नहीं हुई और आसानी से उठाकर ले गए। जिले में एक महीने में एटीएम लूट की यह दूसरी बड़ी वारदात है। बैंक ने सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर यह एटीएम लगाया था। बड़ी बात यह है कि यहां के सीसीटीवी भी तभी तक चालू रहते थे जब तक बैंक खुला रहता है। इस वजह से किसी भी तरह के सीसीटीवी फुटेज भी नहीं मिल पाए हैं। यहां लगे कैमरे को भी चोर तोड़कर ले गए। सूचना पर एसपी अखिलेश कुमार पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया।
पुलिस के मुताबिक टोडा के मुख्य बस स्टैंड के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा के बरामदे में ही एटीएम चल रहा था। बुधवार देर रात मुख्य चैनल गेट के ताले तोड़कर चोर परिसर में दाखिल हुए। यहां बरामदे में रखे एटीएम को बाहर लेकर आए और गाड़ी में डालकर ले गए। सुबह सेना भर्ती की तैयारी करने वाले युवकों ने बैंक के गेट का ताला टूटा देखा। बाहर एटीएम की पर्चियां भी बिखरी पड़ी थी। ऐसे में युवकों को चोरी का अंदेशा हुआ और उन्होंने बैंककर्मियों को सूचना दी। सूचना पर बैंक पहुंचे कर्मचारी अंदर गए तो एटीएम ही गायब मिला। अधिकारियों के मुताबिक एटीएम में चार फरवरी को सात लाख रुपए डाले गए थे।
इसमें दो लाख रुपए पहले से थे। गांव का एटीएम होने के कारण यहां ज्यादा ट्रांजेक्शन नहीं होता है। एटीएम में छह लाख रुपए थे जिनको चोर ले गए। हालांकि इस संबंध में कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
पीएनबी बैंक पंचायत के पुराने भवन में चल रहा है। बैंक के बरामदे ही एटीएम रखा था। बैंक बंद होने के बाद बाहर की तरफ एक चैनल गेट भी है जिसे बंद किया जाता है। इसके ताले को तोड़ते ही चोर परिसर में दाखिल हो गए। बैंक में सीसीटीवी कैमरा भी लगा हुआ था, लेकिन इसका उपयोग केवल बैंक समय के दौरान ही होता है। जाते वक्त इसे बंद कर दिया जाता है। सीसीटीवी जांच में भी बुधवार शाम पांच बजे तक के ही फुटेज मिले है।
पुलिसचौकी से 400 मीटर दूर वारदात : टोडापुलिस चौकी बैंक से महज 400 मीटर दूर ही है। एटीएम लूट ने पुलिस गश्त की भी पोल खोल दी। इसके अलावा बैंक प्रशासन को लापरवाही पर भी एसपी ने खरी खोटी सुनाई। बैंक अधिकारी सिक्योरिटी कंपनी के लोग एटीएम लूट की एक दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे है। एसपी ने बैंक अधिकारियों से सुरक्षा बंदोबस्त को लेकर नियमों की जानकारी भी मांगी है। इधर, पुलिस ने टोडा के आस-पास के बदमाशों के नाम चिन्हित कर दो तीन गांवों में दबिश भी दी। लेकिन इन्हे कोई सफलता नहीं मिली।