स्वच्छ भारत अभियान का शुभारंभ आज से
भरतपुर| स्वच्छभारत अभियान का शुभारम्भ कलेक्ट्रेट परिसर में 25 सितम्बर को सुबह 7 बजे से होगा। इसके बाद महाराजा बदन सिंह स्कूल, बीनारायन गेट एवं आरबीएम चिकित्सालय में साफ सफाई की जाएगी।
स्वच्छ भारत अभियान के क्रियान्वयन के संबंध में बुधवार को नगर निगम की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शुचि त्यागी की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें अभियान के नोडल अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन ओपी जैन ने बताया कि 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में आम जन को भागीदार बनना होगा तभी ये अभियान सफल हो सकेगा। व्यापारिक संस्थान अथवा निवास स्थलों पर कचरा पात्र रखें और कचरे को नगर निगम के कचरा पात्रों में डालें घर अथवा संस्थानों के कचरे को सडक अथवा गलियों में नहीं फैंकें बैठक में एडीएम शहर विशम्भर दयाल ने बताया कि शहर में अनुपयोगी भवन निर्माण सामग्री अथवा मलबे के 140 ढेरों की पहचान कर ली गई है जिन्हें हटाने के लिये संबंधित को नोटिस जारी कर दिये हैं। शहर की साफ सफाई व्यवस्था में आमलोगों में जागरूकता लाने के लिये व्यापारिक, सामाजिक एवं गैर सरकारी संगठनों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। बैठक में भरतपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष संजीव गुप्ता ,जिला महामंत्री नरेश गोयल आदि ने अपने सुझाव दिये बैठक में भरतपुर के एसडीएम संदेश नायक आदि उपस्थित थे।