- Hindi News
- धरना भाजपा के खिलाफ कांग्रेसी उलझ गए आपस में
धरना भाजपा के खिलाफ कांग्रेसी उलझ गए आपस में
कांग्रेसियों को भी दी एक रहने की सीख
भास्करन्यूज. नागौर
राज्य सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल पर शनिवार को जयपुर में हो रहे भाजपा के जश्न के विरोध में प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत नागौर मुख्यालय पर भी कांग्रेस ने धरना देकर भाजपा पर जमकर आरोप लगाए। स्थिति उस समय देखने लायक हो गई जब भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेसी यहां फिर से गुटबाजी में बंट गए। दो तीन कार्यकर्ताओं ने तो चुनावी हार पर एक दूसरे को जिम्मेदार बताते हुए आरोप प्रत्यारोप लगा दिए। नौबत धक्कामुक्की तक गई। इस दौरान धरने में मौजूद कुछ वरिष्ठ कांग्रेसी चुप रहे तो कुछ ने समझाइश से मामला शांत कराया।
हुआ यूं कि पूर्व मंत्री कांग्रेस जिलाध्यक्ष मंजू मेघवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू हुआ। कांग्रेस के हेमाराम बेड़ा का भाषण पूरा होने के बाद एक वक्ता बोलने लगे तो धरने में मौजूद कुछ कांग्रेसी कार्यकर्ता यह बोल पड़े कि सांसद के चुनाव में कांग्रेस को हराने वाले यहां क्यों आए हैं। बस इसी बात से कुछ देर के लिए बवाल हो गया। महेंद्र नाम के उस कार्यकर्ता को एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हनुमान बांगड़ा अन्य कांग्रेसियों ने रोकने का प्रयास किया तो एक कांग्रेसी सरपंच मंच पर आकर माइक पर गुस्से में बोलना शुरू हो गए। नौबत गाली गलौज तक आई। इस बीच वरिष्ठ कांग्रेसियों ने सबको समझाइश कर शांत कराया।
नागौर. विरोधकरने वाले कांग्रेसी कार्यकर्ता महेंद्र को चुप कराकर दूर भेजने का प्रयास करते एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हनुमानराम बागड़ा।