- Hindi News
- फसल खराबा भुगतान में मीठड़ी जीएसएस ने किया गबन
फसल खराबा भुगतान में मीठड़ी जीएसएस ने किया गबन
लाडनूं. किसानोंको फसल खराबे के मुआवजे के रूप में दिया जाने वाला अनुदान देने में सहकारी समितियों बरती जा रही गड़बड़ियों पर कलेक्टर को शिकायत भेजकर जांच की मांग की है। कलेक्टर को दी गई शिकायत में ग्रामीणों ने कहा कि मीठड़ी जीएसएस द्वारा मीठड़ी लाछड़ी गांवों के विभिन्न खातेदार काश्तकारों को बांटी गई आदान अनुदान सहायता में भारी अनियमितताएं की गई हैं। इस मामले में ग्राम पंचायत लाछड़ी के उप सरपंच तुलछी देवी एवं पूर्व सरपंच मंगेजराम ने किए जा रहे गबन की जानकारी भी दी है। पूर्व सरपंच मंगेज सिंह ने उपखंड अधिकारी को भी पत्र लिखा तथा इन सभी आरोपों की सूची भी सौंपी। एसडीएम ने इस मामले की जांच नागौर केंद्रीय सहकारी बैंक के एईओ बजरंगलाल शर्मा को सौंपी, जो मौके पर भी आए मगर समिति के व्यवस्थापक के नहीं मिलने से उन्हें बैरंग लौटना पड़ा। मंगेज राम ने इस प्रकरण की जांच किसी अन्य अधिकारी से निष्पक्षता पूर्वक कराने की मांग की है।
शादीशुदा बेटियों के नाम पर उठाया अनुदान
काश्तकारोंके खाते दो सालों से सहकारी समिति में खुले होने के बावजूद उनसे नया खाता खोलने के नाम पर 100-100 रुपए वसूल कर लिए। जबकि वे पिछले साल भी उसी खाते से अनुदान राशि प्राप्त कर चुके हैं। इसके अलावा वर्ष 2010 एवं 2013 के आदान अनुदान वितरण में सहकारी समिति की ओर से बाहर एवं विदेशों में रहने वाले लोगों के नाम से भी फर्जी हस्ताक्षरों से भुगतान उठा लिया गया। इनमें गांव की अनेक शादीशुदा बेटियों के नाम भी शामिल हैं जिन्हें मुआवजे का भुगतान नहीं मिला, जबकि राशि उनके नाम पर उठा ली गई। मृत्यु के बावजूद खातेदारों के नाम से राशि का आहरण किया गया, जो उनके वारिसों को नहीं मिली। अनेक काश्तकारों के नाम अनुदान राशि सूची में डबल आने के बावजूद दोनों का भुगतान गलत तरीके से उठा लिया। अनेक कृषकों के ऋण भुगतान खाते में भुगतान राशि का समायोजन बता दिया मगर उन्हें राशि नहीं दी गई, जबकि उनके ऋण खाते में राशि जमा नहीं की और ही कोई रसीद दी गई।