- Hindi News
- दूसरे मुल्कों का सामान खरीदना बंद करें आतंकवाद को मिलेगा मुंहतोड़ जवाब: अशरफी
दूसरे मुल्कों का सामान खरीदना बंद करें आतंकवाद को मिलेगा मुंहतोड़ जवाब: अशरफी
छत्तीसगढ़अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष मोहम्मद सलीम अशरफी ने कहा कि हमारा देश प्यार, प्रेम और समर्पण मांगता है। माओवाद, नक्सलवाद, अलगाववाद, घुसपैठ, आतंकवाद जैसी घटनाएं हमारे लिए पीड़ादायक है। अशरफी ने कहा कि भारत के खिलाफ गलत भावना रखने वाले देशों को सबक सिखाने के लिए उनकी वस्तुएं खरीदना तत्काल बंद कर दें और स्वदेशी वस्तुओं को ज्यादा से ज्यादा उपयोग करें। अशरफी ने यह भी कहा कि इस्लाम की तालीम किसी को मिटाना नहीं है। इस्लाम भाईचारा, मोहब्बत और अमन चैन से रहने का पैगाम देता है। अशरफी सोमवार को नागौर जिले के कुचामन महाविद्यालय में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर आयोजित व्याख्यानमाला को संबोधित कर रहे थे। व्याख्यान माला में मुख्य अतिथि अल्पसंख्यक आयोग छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष मोहम्मद सलीम अशरफी ने कहा कि देश प्रेम, प्यार समर्पण मांगता है। ज्ञान हमारी दशा दिशा की देखभाल करता है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद की समस्या पूरे विश्व की है इससे निपटने के लिए युवाओं को आगे आना होगा। हमारे देश को बाहरी देशों से ज्य़ादा खतरा है। इसमें पाकिस्तान आतंकवाद की सबसे बड़ी फैक्ट्री है। उन्होंने कहा की देशभर में हुए बम विस्फोटों आतंकवादी गतिविधियों ने देश के सुख-चैन, भाईचारा एवं आपसी प्यार के साथ-साथ विकास को भी ग्रहण लगा रखा है। अशरफी ने कहा की देश को आगे बढ़ाना है तो बाहरी देशों के सामान को नहीं खरीदकर ज्य़ादा से ज्य़ादा स्वदेशी वस्तुओं को अपनाएं जिससे देश में रोजगार भी बढ़ेंगे। व्याख्यान माला के विशिष्ट अतिथि पालिका उपाध्यक्ष हरीश चन्द्र कुमावत ने अतिथियों का स्वागत कर आभार जताया। विकास समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश काबरा, कार्यकारी अध्यक्ष नटवरलाल वक्ता, महाविद्यालय के प्राचार्य दिनेश मांडोत, महाविद्यालय सचिव शिवकुमार अग्रवाल ने मुख्य अतिथि को माला साफा पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर तहसीलदार अभिलाषा पूनिया, गुलाबचंद गौड़, रफीक अहमद उस्मानी, याकूब अली भाटी सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्रा शहर के विशिष्टजन उपस्थित थे। संचालन महेन्द्र मिश्रा ने किया।
कुचामन सिटी. व्याख्यान माला में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि अन्य तथा उपस्थित विद्यार्थी।