पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • राजस्थानी महिला गीतों की प्रतियोगिता 26 को

राजस्थानी महिला गीतों की प्रतियोगिता 26 को

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भारत विकास परिषद की नागौर शाखा की ओर से इस बार संस्कृति सप्ताह जोर शोर से मनाया जाएगा। इस सप्ताह में खास बात यह रहेगी कि इसमें राजस्थानी के पारंपरिक गीतों को याद किया जाएगा। महिलाओं द्वारा विभिन्न मांगलिक मौकों पर गाए जाने वाली गीतों की तलाशना इसका उद्देश्य है। इसकी खास प्रतियोगिता होगी।

परिषद की कार्यकारिणी की रविवार को प्रांतीय उपाध्यक्ष हेमंत जोशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस बाबत जानकारी दी गई। संस्कृति सप्ताह के तहत होने वाले कार्यक्रमों के बारे में चर्चा हुई। बैठक में संस्कृति बचाने एवं परम्परा को जीवित रखने के लिए प्रांत में पहली बार महिला गीतों की प्रतियोगिता होगी। यह प्रतियोगिता 26 सितंबर को दोपहर बाद 4 बजे माहेश्वरी पंचायत न्यात की पोल आजाद चाैक में होगी। शाखा के सह सचिव श्रवण कुमार सोनी ने बताया कि यह प्रतियोगिता पारंपरिक गीतों को याद करने उन्हें जीवित रखने में सहायक साबित होगी।

महिलाओं द्वारा शादी ब्याह एवं अन्य खुशी के मौकों पर गाए जाने वाले गीत बुजुर्ग महिलाओं तक ही सीमित रहे, अगली पीढ़ी तक भी यह परंपरा नदी के प्रवाह की तरह बहे और युवा पीढ़ी में जागरूकता एवं हमारी संस्कृति परम्परा की पहचान रहे, इसलिए ये प्रतियोगिता रखी गई है।

इस प्रतियोगिता में महिलाएं एवं बालिकाएं 5 या 7 के दल में मायरा, जलवा, चाक भात, पीठी (उबटन) झाला, मून्दड़ा, विनायक, पावणा चारी आदि गीत गा सकेंगी। प्रतियोगिता में रिमिक्स या नए हिन्दी रिमिक्स गीत नहीं गाए जा सकेंगे। गीत परंपरागत ही होंगे।

प्रत्येक दल इसमें रोचकता के लिए स्वयं कोई वाद्य यंत्र का प्रयोग कर सकेगा। प्रतियोगिता में लय बोल, शुद्धता, मधुरता, परिधान आदि मुख्य निर्णायक बिंदू होंगे। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दल को परिषद द्वारा स्मृति चिन्ह प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे।

साथ ही वरिष्ठ समाज सेविका एवं संस्कृति परिचायिका श्रीमती भागवती देवी सोनी की तरफ से 1101, 701 एवं 501 रुपए की नकद राशि प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान की जाएगी। इसी दिन परिषद द्वारा बालिकाओं के दो वर्गों में कनिष्ठ माध्यमिक वरिष्ठ उच्च माध्यमिक में गणगौर (दुल्हन) वेशभूषा प्रतियोगिता भी होगी। बैठक में कार्यक्रम प्रभारी साधना सर्वा तथा रंगला शर्मा ने भी विचार रखे।