पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • विवाहिता की मौत को लेकर पीहर पक्ष ने जताया हत्या का संदेह

विवाहिता की मौत को लेकर पीहर पक्ष ने जताया हत्या का संदेह

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
श्रीबालाजीथानांतर्गत श्यामसर गांव में गुरुवार सुबह एक विवाहिता की मौत हो गई। उसके पति की रिपोर्ट के अनुसार विवाहिता लंबे समय से बीमार थी, बुधवार रात को उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ी और गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई। वहीं पीहर पक्ष ने उसके पति पर अवैध संबंधों के चलते उसकी हत्या का शक जाहिर किया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव पीहर पक्ष को सुपुर्द किया। जांच के लिए उसके विसरा लिए गए हैं।

श्रीबालाजी थानाधिकारी परशु राम पंवार ने बताया कि लक्ष्मी (38) की दुर्गाराम मेघवाल से 20 साल पहले शादी हुई थी। गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई। उसके पति ने रिपोर्ट दी कि लक्ष्मी लंबे समय से बीमार थी। बुधवार रात उसकी तबीयत ज्यादा खराब होने पर परिजनों ने घर पर ही कंपाउंडर को बुलवाया। इलाज के बाद एक बार लक्ष्मी की तबीयत थोड़ी सुधरी, लेकिन गुरुवार अल सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस शव नागौर राजकीय चिकित्सालय ले आई। उसके पीहर रोहिणी में भी सूचना दी गई।

उसके पिता चांदा राम ने पुत्री की मौत को लेकर हत्या का शक जाहिर किया। शाम को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव पीहर पक्ष को सुपुर्द किया। जांच के लिए उसका विसरा लिया गया है। पीहर पक्ष के लोगों ने बताया कि दुर्गा राम के गांव की ही किसी महिला के साथ अवैध संबंध थे। वह उसे लेकर एक बार भाग भी गया था। परिजनों की समझाइश पर वह वापस लौटा और स्थिति सामान्य हो गई थी। इसकी वजह से ही परिजनों ने लक्ष्मी की हत्या का शक जताया है। लक्ष्मी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता थी। उसके दो पुत्रियां हैं। अठारह वर्षीय एक पुत्री शादी शुदा है। जबकि दूसरी अभी पढ़ाई कर रही है। पुलिस के अनुसार लक्ष्मी के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं है। साथ ही जहर खुरानी के कोई संकेत भी नहीं मिले हैं। इस कारण प्रथम दृष्टया यह मामला बीमारी से मौत का ही लग रहा है।

नागौर. विवाहिता की मौत के बाद राजकीय चिकित्साल में खड़े परिजन।