- Hindi News
- नागौर के एटीएम से 11, डेगाना एटीएम से निकाले 40 हजार
नागौर के एटीएम से 11, डेगाना एटीएम से निकाले 40 हजार
नागौरएसडीएम के निजी सहायक तन्जीम अहमद के एटीएम को बदल कर अज्ञात ठगों ने गुरुवार शुक्रवार को उनके बैंक खाते से 51 हजार रुपए निकाल लिए। हुआ यूं कि गुरुवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे तन्जीम ने कार्यालय में व्यस्तता के चलते अपने कार्यालय के एक सहयोगी को 29 हजार रुपए निकालने के लिए एटीएम भेजा। कार्मिक ने रुपए निकाले और तन्जीम को रुपए सहित एटीएम थमा दिया। इस दौरान उनके मोबाइल पर 29 हजार रुपए निकालने का मैसेज भी आया। शाम को वह घर चले गए। शुक्रवार सुबह साढ़े छह बजे उनके पास मैसेज आया कि देर रात 11 हजार रुपए कलेक्ट्रेट के बाहर लगे एटीएम से निकाले गए हैं। इसके बाद चार मैसेज और आए। इनमें डेगाना स्थित एसबीबीजे के एटीएम से चार बार में 10-10 हजार रुपए निकालने के मैसेज आए। इस प्रकार उनके खाते से 51 हजार रुपए किसी ने निकाल दिए। तन्जीम के सहयोगी ने बताया कि जिस समय वह लेनदेन कर रहा था, उस दौरान एक व्यक्ति उनके पास खड़ा था। पैसे निकालने के बाद उसने एटीएम साइड में रखा था। आरोपी ने उसी समय एटीएम बदल दिया।
थमा गए दूसरे के नाम का एटीएम
मैसेजमिलते ही उन्होंने अपना एटीएम चैक किया तो हाथ पांव फूल गए। यह उनका एटीएम नहीं था। यह किसी प्रमोद कुमार के नाम था और खारिज हो चुका था। बैंक खुलते ही तन्जीम बैंक पहुंचा खाता बंद करवा दिया। इस संबंध में उन्होंने कोतवाली में रिपोर्ट दी है। पुलिस अब एटीएम के वीडियो फुटेज लेकर आरोपी की तलाश करेगी।
सरगना है पुलिस गिरफ्त में
करीबदो माह पहले ही नागौर, बीकानेर, जोधपुर, अजमेर उदयपुर सहित आस पास के क्षेत्रों में इसी प्रकार से एटीएम बदल कर रुपए ठगने की करीब डेढ़ दर्जन वारदातें हुई। इसमें नागौर जीआरपी पुलिस में कार्यरत मुकेश बिश्नोई भी इस गिरोह का शिकार हुआ, लेकिन उसने आरोपियों का पीछा नहीं छोड़ा। इसके चलते उदयपुर के मावली थानांतर्गत वारदात को अंजाम देते समय इस गिरोह के हरियाणा के सोनू कुमार एक अन्य पुलिस के हाथ लग गए। वर्तमान में कोतवाली पुलिस दोनों को मावली जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लाई है। इस गिरोह के अन्य सदस्य दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।