- Hindi News
- मोगास में मनरेगा में करोड़ों के घोटाले की जांच की मांग
मोगास में मनरेगा में करोड़ों के घोटाले की जांच की मांग
डेगानापंचायत समिति परिसर में रविवार शाम आई नागौर कलक्टर डॉ. वीना प्रधान के सामने ग्रामीणों ने कई समस्याओं मुद्दों को लेकर ज्ञापनों की झड़ी लगा दी। ग्राम मोगास के ग्रामीणों ने मोगास में मनरेगा योजना में हुए गड़बड़झाले को लेकर पूर्व में भी उन्हें ज्ञापन सौंपने के बावजूद कोई जांच नहीं होने पर आक्रोश जताया।
मोगास के चेनाराम डूडी, हरिसिंह खातोलाई, राजूसिंह, धारूराम, कानसिंह, झूमरराम वार्ड पंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मोगास पंचायत कुछ अन्य लोगों के खिलाफ मनरेगा में गलत तरीके से भुगतान उठाने सहित कई मामलों को लेकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि मोगास में सरपंच सहित कई लोगों ने मिलकर फर्जी मस्टर रोल से करोड़ों रुपए की राशि गलत तरीके से उठा ली। ज्ञापन में बताया कि नरपत सिंह पिछले चार साल से जयपुर में रहता है, भवानी सिंह जयपुर कॉलेज में और सुरेन्द्रसिंह हनुवंत सिंह जोधपुर के निजी कॉलेज में अध्यापक है। सुमेर सिंह कम्प्यूटर ऑपरेटर है, किशोर सिंह दिल का मरीज है, उसने ऑपरेशन करवा रखा है। अन्नपूर्णा स्कूल में पोषाहार पकाने का काम करती है। इसके बावजूद उनके नाम मस्टर रोल में जोड़कर मनरेगा से भुगतान उठा लिया गया। मोगास में ग्राम सेवा सहकारी समिति की बैंक शाखा होते हुए भी बीस किलोमीटर दूर पालियास शाखा से फर्जी खाते बैंक कर्मियों से मिलीभगत कर खुलवाकर भुगतान उठा लिया गया। कलक्टर ने मौके पर ही सीईओ जिला परिषद परशुराम धानका, एसडीएम रिछपाल सिंह बुरड़क बीडीओ भरतसिंह को मामले की पूर्ण जांच के आदेश दिए।