- Hindi News
- गौरी तेरी पैंजनियां पर बजी खूब तालियां, प्रतिभाओं ने दिखाए हुनर
गौरी तेरी पैंजनियां पर बजी खूब तालियां, प्रतिभाओं ने दिखाए हुनर
आजाद चौक स्थित माहेश्वरी पंचायत पोल में रविवार की रात तीन घंटे से ज्यादा समय तक भजनों, गीतों की स्वर लहरियां गूंजी। विभिन्न प्रतिभागियों ने नृत्य का शानदार प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।
मौका था, भारत विकास परिषद के तत्वावधान में चले सात दिवसीय राष्ट्रीय प्रकल्प संस्कृति सप्ताह के समापन अवसर का। इसमें एकल लोक शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता के साथ पुरस्कार वितरण समारोह भी हुआ। विजेताओं को पुरस्कारों से नवाजा गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलक्टर वीणा प्रधान थी। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचस्थ अतिथियों द्वारा भारत माता स्वामी विवेकानंद के पूजन वंदन के साथ किया गया। अंबुजा सीमेंट के सहायक उपाध्यक्ष आर के व्यास, निदेशक आकांक्षा स्कूल ग्रुप के सूर्यनारायण पारासर भाजपा जिला महामंत्री जगवीर छाबा विशिष्ट अतिथि के रुप में मंचस्थ थे। इस अवसर पर कार्यक्रम अध्यक्ष परिषद के प्रांतीय कोषाध्यक्ष नृत्य गोपाल मित्तल ने परिषद के बारे में जानकारी दी।
प्रतियोगिता में डेनियल मेयो स्कूल की मीनल एवं प्रकृति छंगाणी ने राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् गौरी तोरी पैंजनियां गीत पर मनभावन शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति दी तो सभागार में उपस्थित दर्शकों को करतल ध्वनि करने को विवश कर दिया। मारुत नंदन शारदा बाल निकेतन की बालिका दिशा सोनी ने झांसी की रानी की की गाथा बताने वाली ‘खूब लड़ी मर्दानी वह तो झांसी वाली रानी थी’ गीत पर नृत्य किया। माहेश्वरी पब्लिक स्कूल की लक्ष्मी डागा ने बाल कृष्ण की बाल सुलभ चंचलता दर्शाते हुए आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया।
ईशु सोनी ने मां काली का रूप धरकर ओजस्वी भाग भंगिमा से भरे नृत्य से छाप छोड़ी। इससे पूर्व संस्कृति सप्ताह प्रकल्प प्रभारी भोजराज सारस्वत ने सप्ताह का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। परिषद के सचिव रामानुज मालाणी ने अतिथियों का परिचय कराते हुए स्वागत भाषण दिया। मंच संचालन बालकिशन भाटी शरद जोशी ने किया।
नागौर. भारतविकास परिषद के तत्वावधान में संस्कृति सप्ताह के दौरान उपस्थित अतिथि अन्य तथा नृत्य की प्रस्तुति देती बालिका।