- Hindi News
- निशुल्क डेंटल चैक अप थायरॉयड परामर्श शिविर 28 को
निशुल्क डेंटल चैक अप थायरॉयड परामर्श शिविर 28 को
नागौर| दैनिकभास्कर, पितृ कृपा अस्पताल सुगन सिंह सर्किल स्थित नवजीवन अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में 28 सितंबर को निशुल्क डेंटल चैक अप थायरॉयड परामर्श शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में डॉ. हापू राम चौधरी डॉ. रणवीर सिंह सेवाएं देंगे। नवजीवन अस्पताल में होने वाले इस शिविर में दांतों का निशुल्क चैक अप करने के साथ ही आवश्यक होने पर दवाइयां भी दी जाएंगी। इसी तरह थायरॉयड के रोगियों की जांच कर उन्हें परामर्श दिया जाएगा। शिविर में थायरॉयड के संबंध में जांच रियायती दर पर की जाएगी तथा ऑपरेशन योग्य मरीजों का चयन किया जाएगा। इन रोगियों का ऑपरेशन लागत खर्च पर किया जाएगा। शिविर में आने वालों का पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। अस्पताल परिसर में सुबह दस से ग्यारह बजे पंजीकरण करवाया जा सकता है। शिविर वाले दिन भी सुबह दस बजे से पंजीकरण करवाया जा सकेगा। शिविर सुबह ग्यारह बजे से दोपहर दो बजे तक चलेगा। शिविर की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। रविवार को होने वाले शिविर के बारे में अधिकाधिक लोगों तक सूचना पहुंचाने के लिहाज से शहर में अनेक स्थानों पर बैनर लगाए गए हैं। गुरुवार को नागौर शहर सहित अासपास के गांवों ढाणियों में माइक से भी लोगों को सूचना दी गई। डॉ. रणवीर सिंह ने बताया कि थायरॉइड के बारे में आम तौर पर लोगों में कई तरह की भ्रांतियां व्याप्त है, जबकि समय पर इसका उपचार करवा लिया जाए तो भविष्य में इसे लेकर कभी परेशान नहीं होना पड़ता। डेंटल विशेषज्ञ डा. हापूराम चौधरी ने बताया कि थायरॉइड से संबंधित कोई परेशानी होने पर इसका दांतों पर सीधा प्रभाव पड़ता है। दांत खोखले हो सकते हैं, बच्चों के दूध के दांत देरी से गिरते हैं जो आगे जाकर टेढ़े-मेढ़े दांतों जैसी परेशानी खड़ी कर देते हैं। इसलिए समय रहते इसका उपचार करवा लेना चाहिए।