डिस्कॉम ने भेजा साढ़े चार लाख का बिल
डीडवानाके खुड़ी पावा निवासी एक व्यक्ति को डिस्कॉम द्वारा घरेलू कनेक्शन में साढ़े चार लाख रुपए का बिजली बिल थमा दिया गया। उपभोक्ता ने उर्जा मंत्री के नाम ज्ञापन भेज कर डिस्कॉम की शिकायत की है।
गोरधन सिंह पुत्र राम सिंह राठौड़ ने बताया कि उसके आधा केवी वॉट का घरेलू कनेक्शन है। डिस्कॉम ने इस बार अक्टूबर में उसका बिल घर भेजा तो उसमें 4 लाख 41 हजार 705 रुपए की राशि देखकर उसके होश उड़ गए। गत वर्ष भी डिस्कॉम ने 1 लाख 23 हजार का बिल उसे थमा दिया था।
शिकायत के बाद 22 हजार 660 रुपए जमा किए बाकी छोड़ दिए। गत वर्ष बिजली मीटर में लाइन अर्थिंग होने से यह गड़बड़ी हुई। बाद में उसे बदला गया। नए मीटर में 560 यूनिट ही हैं। जो बिल उसे थमाया गया, उसे पुराने बिल के आधार पर दिया गया। उपभोक्ता ने बताया कि अधिकारी लगातार शिकायतों के बावजूद बिल नहीं सुधार रहे।