नागौर से जयपुर सम्मेलन में गए भाजपाई
नागौर. भाजपासरकार के एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर जयपुर में शनिवार को हुए राज्य स्तरीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए शनिवार को जिलेभर से कार्यकर्ता जयपुर गए। अधिकांश कार्यकर्ता देर रात को नागौर लौट आए। खींवसर मंडल अध्यक्ष उम्मेद सिंह राजपुरोहित ने बताया कि खींवसर से भाजपा नेता भागीरथ मेहरिया के नेतृत्व में सुबह छह बजे कार्यकर्ता रवाना हुए। इस दौरान महामंत्री महावीर सांदू, उम्मेद सिंह, बाबूलाल लोमरोड़, हनुमानराम, प्रहलाद मेहरिया आदि अलग अलग गाड़ियों में कार्यकर्ताओं को लेकर रवाना हुए। इसी प्रकार नागौर से विधायक हबीबुर्रहमान, जिलाध्यक्ष रामचंद्र उत्ता, पाबू राम ज्याणी, रामकुमार चौधरी आदि पदाधिकारी वाहन लेकर रवाना हुए। भाजपा कार्यकर्ता अजीज अली, शरीफ कुरैशी, हकीम तेली, सदीक राठौड़, मंजूर मिस्त्री, भंवरु खां सोबाण, नूर मोहम्मद गौरी, जहांगीर खां, अमीर दीन, वाजिद अली भी रवाना हुए।
इसी प्रकार भाजपा मंडल अध्यक्ष रामनिवास सांखला के नेतृत्व में भी दल रवाना हुआ। जायल से विधायक मंजू बाघमार के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता पदाधिकारी जयपुर सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे। विधायक मंजू बाघमार ने बताया कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्रदेश के विकास में जो अहम घोषणाएं की है उससे जनता को फायदा मिलेगा। सार्वजनिक निर्माण मंत्री यूनुस खान के विधानसभा क्षेत्र डीडवाना से पालिकाध्यक्ष ग्यारसी देवी भाजपा पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता जयपुर पहुंचे।