झुलसी विवाहिता की मौत
झुलसी विवाहिता की मौत
नागौर.वाल्मिकीबस्ती में शुक्रवार देर शाम घर में आग लगने से झुलसी विवाहिता की शनिवार को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। विवाहिता के भाई ने सास के खिलाफ प्रताड़ित कर हत्या करने के आरोप में महिला थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार खींवसर निवासी मुकेश कुमार ने रिपोर्ट दी कि उसकी बहन खुश्बू (23) को शुक्रवार देर शाम सास जशोदा ने प्रताड़ित कर केरोसीन तेल डालकर आग लगा दी। आग से झुलसी खुश्बू को राजकीय अस्पताल नागौर में प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रैफर कर दिया गया। बीकानेर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
घायल बाइक सवार की मौत
नागौर.जोधपुररोड स्थित कृष्ण गोपाल गौशाला के पास 11 नवम्बर को अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घायल हुए बाइक सवार की शुक्रवार को जोधपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार कडलू के जितेन्द्र दर्जी ने रिपोर्ट दी कि उसके पिता नरपतराम बाइक लेकर नागौर से गांव रहे थे। इस दौरान पीछे से बिना नंबरी अज्ञात कार ने बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर घायल नरपतराम को राजकीय अस्पताल नागौर में प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर कर दिया। शुक्रवार देर शाम जोधपुर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
दुष्कर्म का मामला दर्ज
नागौर.रामसियागांव की एक विवाहिता के साथ 15 दिन पूर्व दुष्कर्म के आरोप में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार रामसिया निवासी एक महिला की रिपोर्ट पर ग्वालू निवासी युवती उसके भाई लूटा राम बनबागरिया के खिलाफ पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट दुष्कर्म करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।