नागौर। शहर के हाथी चौक में शनिवार शाम एक बड़ी चोरी घरवालों की सावधानी से होते-होते बच गई। बाहर से आई एक युवती घर में घुसी और गहने नकदी बैग में समेट गेट से वापस जाने लगी, लेकिन तभी घर की एक युवती की नजर इस पर पड़ गई।
रोचक बात यह रही कि जिस युवती ने चोर काे गेट पर पकड़ा, सारे गहने उसी के थे। घरवाले चोरी करने वाली लड़की को पकड़ कर कोतवाली ले आए। सूचना पर युवती के परिजन भी थाने पहुंचे। पुलिस के सहयोग से दोनों पक्षों में समझाइश हो गई। पुलिस ने युवती को आगे ऐसा करने की हिदायत देते हुए परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
हुआ यूं कि हाथी चौक स्थित दामोदर लाल शर्मा के पुत्र मनीष की शादी की तैयारियां चल रही थीं। सभी घरेलू कार्यों में व्यस्त थे। शाम छह बजे के करीब एक युवती घर में घुसी अंदर जाकर सीढ़ियां चढ़ते हुए ऊपर के कमरे में जा पहुंची। वहां छोटे बच्चे खेल रहे थे।
उसने पहले तो बच्चों को नीचे भेज दिया। बाद में वहां रखी अलमारी खोली और उसमें से महंगी आर्टिफिशियल ज्वैलरी, एक तोला सोने की चैन, नई साडियां आदि अपने बैग में भरे। आराम से काम को अंजाम देने के बाद वह नीचे गई। तभी एक युवती की नजर उस पर पड़ जाने से चोरी पकड़ी गई।