- Hindi News
- सफाईकर्मियों के बच्चों को भर्ती करें: सहोत्रा
सफाईकर्मियों के बच्चों को भर्ती करें: सहोत्रा
नागौर| राष्ट्रीयसफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य गोपालकृष्ण सहोत्रा ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर बैठक ली। सहोत्रा ने सफाई कर्मचारियों को दिए जाने वाली वर्दी भत्ते के स्थान पर वर्ष में दो सूती वर्दियां तथा एक उठनी वर्दी दिए जाने की बात कही। वर्तमान में कार्यरत 50 वर्ष से अधिक उम्र के सफाई कर्मचारियों को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद उनके बच्चों को सफाईकर्मी के रूप में भर्ती किया जाना चाहिए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों के प्रत्येक तीन माह में एक बार स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक, नगर परिषद तथा पालिकाओं के आयुक्त अधिशासी अधिकारी, लीड बैंक मैनेजर, सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
दोपहर दो बजे आयोग सदस्य सहोत्रा ने कलेक्टर राजन विशाल, पुलिस अधीक्षक तथा अतिरिक्त कलेक्टर के साथ भी बैठक की। उन्होंने कलेक्टर को सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कहा। ठेकेदार द्वारा कम मजदूरी दिए जाने की शिकायत पर कलेक्टर ने कहा कि जो ठेकेदार न्यूनतम मजदूरी से कम मजदूरी देते हैं, उनके विरुद्ध श्रम कानून के तहत मुकदमा दर्ज कराया जाए।