- Hindi News
- इस बार भी सदस्य समितियों को तीन प्रतिशत लाभांश देने की घोषणा
इस बार भी सदस्य समितियों को तीन प्रतिशत लाभांश देने की घोषणा
दीनागौर सेंट्रल को ऑपरेटिव बैंक की मंगलवार को हुई 38वीं वार्षिक साधारण सभा में सदस्य समितियों को इस बार भी तीन प्रतिशत लाभांश देने की घोषणा की गई। डीडवाना रोड स्थित माली संस्थान के सभागार में बैंक के अध्यक्ष जगन्नाथ बुरड़क की अध्यक्षता में हुई वार्षिक साधारण सभा में बैंक की सदस्य ग्राम सेवा सहकारी समितियों एवं अन्य सहकारी समितियों के 247 सदस्यों ने भाग लिया।
बैंक अध्यक्ष बुरड़क ने अध्यक्षीय उदबोधन में कहा कि बैंक ने इस वित्तीय वर्ष में अपने लक्ष्यों की पूर्ति कर करीब एक करोड़ 85 लाख रुपए का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। बैंक गत वर्ष के मुकाबले 569.75 लाख की बढ़ोतरी करते हुए 1740.73 लाख रुपए की हिस्सा पूंजी जमा की है। इस वर्ष में 28599.47 लाख रुपए की अमानतें जमा की गई। बैंक ने वर्ष 2013-14 में किसान क्रेडिट कार्ड योजना, स्वयं सहायता समूह एवं अन्य योजनाओं के माध्यम से जिले के काश्तकारों को 45740.36 लाख रुपए का ऋण वितरित किया। बैंक ने 42187.46 लाख रुपए के ऋणों की वसूली की जो मांग का 84.63 प्रतिशत है। बैंक की कार्यशील पूंजी 47167.27 लाख हो गई है। बैंक को आलोच्य वर्ष में 185.41 लाख का शुद्ध लाभ रहा। इसलिए सदस्य समितियों को गत वर्षों की भांति इस बार भी तीन प्रतिशत लाभांश देने का फैसला किया गया है। बैंक की ओर से जायल शाखा का नया भवन बनाया गया। डीडवाना के भवन का रिनोवेशन करवाया गया। बैंक ने खींवसर, रोल एवं प्रस्तावित मौलासर शाखा के लिए जमीन प्राप्त कर ली है। जिले में 27 नई ग्राम सेवा सहकारी समितियों का गठन किया गया है।
बैंक की सभी शाखाएं कंप्यूटरीकृत हो चुकी हैं। इनमें शीघ्र ही एटीएम लगवाए जाएंगे। वर्ष 2013-14 में बैंक की सदस्य 61 ग्राम सेवा सहकारी समितियों की ओर से शत-प्रतिशत वसूली किए जाने पर उनके अध्यक्षों व्यवस्थापकों का सम्मान किया गया।