- Hindi News
- डिप्टी ने देखा मौका, ली घटनाक्रम की जानकारी
डिप्टी ने देखा मौका, ली घटनाक्रम की जानकारी
गोगेलाव| ग्रामपंचायत गोगेलाव के प्रवेश द्वार पर जिप्सम पोतने के मामले में जांच अधिकारी नागौर डीएसपी नरसीलाल मीणा ने मंगलवार को मौके पर पहुंच कर घटनाक्रम की जानकारी ली। डीएसपी ने सरपंच नेमा राम मेघवाल के बयान दर्ज किए। जानकारी के अनुसार 21 सितंबर की रात्रि में गोगेलाव के ही थानाराम, गिरधारी राम उसके साथियों ने ग्राम पंचायत के आईटी केन्द्र के बाहर बनाए गए प्रवेश द्वार पर जिप्सम पोत दी थी। वहां सरपंच और उनके पिता का नाम लिखा था। सरपंच ने मना किया तो आरोपियों ने मारपीट कर जातिसूचक गालियां निकाल कर अपमानित किया था। सरपंच के साथ बदसलूकी को लेकर गोगेलाव ग्राम में तीन दिन से माहौल गर्माया हुआ है। सरपंच नेमा राम मेघवाल ने बताया कि तीन साल पहले ग्राम पंचायत में सर्व सम्मति से प्रस्ताव लेकर प्रवेश द्वार का निर्माण स्वयं के खर्चे से करवाने का निर्णय लिया गया था। गोगेलाव के ग्रामीणों में भी सरकारी सम्पत्ति को इस तरह नुकसान पहुंचाने पर आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है।