निकटवर्ती ग्राम खिंयाला में एक खेत पर कब्जे को लेकर मंगलवार को दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों ओर से जमकर लाठियां, फरसी कुल्हाड़ी चली। इसमें एक की देर रात मौत हो गई जबकि पांच लोग गंभीर रूप घायल हो गए।
मारपीट इतनी गंभीर थी कि जायल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पहले सभी को नागौर रेफर करना पड़ा। इनमें से ज्यादा गंभीर होने पर तीन जनों को जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल रैफर किया गया। एक घायल ने जोधपुर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
जबकि दो अन्य की स्थिति देर रात तक गंभीर बनी हुई थी। जायल थानाधिकारी बुद्धाराम गुगड़ ने बताया कि खिंयाला में राधाकिशन हरिराम जाट के परिवारों के बीच एक खेत पर कब्जे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। राधाकिशन सहित कुछ परिवार के सदस्य खेत पर कब्जा करने के लिए पहुंच गए। इससे वहां पर पहले से ढाणी बनाकर रह रहे हरिराम के परिवारों के बीच खूनी संघर्ष हो गया।
ये हुए घायल
इसमें एक पक्ष के हरिराम (50) पुत्र दानाराम जाट उनकी प|ी जिमना (45) पुत्री कैलाशी (20) घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष के शंकरलाल (35) पुत्र सांवलराम जाट राधाकिशन घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को 108 एंबुलेंस में डालकर नागौर के लिए रेफर कर दिया। हरिराम के परिवार को प्राथमिक उपचार के बाद नागौर अस्पताल में भर्ती कर लिया। जबकि हरिराम, शंकरलाल राधाकिशन को जोधपुर रेफर कर दिया। देर रात उपचार के दौरान शंकरलाल की मौत हो गई।
कोर्ट में चल रहा है जमीन विवाद
खिंयाला में जमीन पर कब्जे को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। कुछ दिनों पहले राधाकिशन ने जमीन किसी अन्य व्यक्ति से खरीद की थी, लेकिन उक्त जमीन पर हरिराम का कब्जा था। इसको लेकर दोनों पक्षों में कोर्ट में अलग-अलग मामले चल रहे थे। मंगलवार को यह लड़ाई खूनी संघर्ष में बदल गई।