बंगाली डॉक्टर पर गलत इलाज का आरोप
नसीराबाद| राजनारायणरोड निवासी एक व्यक्ति ने रामसर स्थित एक बंगाली डॉक्टर पर धोखाधड़ी पूर्वक गलत इलाज कर उसकी जान जोखिम में डालने का अारोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। सदर थाने में दर्ज मामले में राजनारायण रोड़ निवासी गौरीशंकर पुत्र द्वारकाप्रसाद ने बताया कि वह एक माह पूर्व रामसर स्थित बंगाली डॉक्टर की क्लिनिक पर नशा छोड़ने की दवाई लेने के लिए गया था। जिस पर बंगाली डॉक्टर ने उसे 5-5 हजार रुपए के चार इंजेक्शन लगवाने काे कहा। उसने बंगाली डॉक्टर के कहने पर 5-5 हजार के 4 इंजेक्शन लगवा लिए। गाैरीशंकर ने आरोप लगाया कि इंजेक्शन लगवाने के बाद उसे दो बार हार्ट अटैक गया और शरीर सुन होने लग गया तथा याददाश्त बहुत कमजोर हो गई। जिस पर उसने अजमेर जाकर अपना उपचार शुरू करवाया जो अभी तक चल रहा है। उसको यह परेशानी बंगाली डॉक्टर द्वारा लगाए गए इंजेक्शन के कारण हुई है। इससे काम धंधा भी नहीं कर पा रहा है।